DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भूल जाइए गिरावट का इंतजार, सोना जाएगा 2 लाख के पार, क्या कहती है रिपोर्ट?

मुंबई, एजेंसी।सोने की कीमतों में लगातार उछाल जारी है। कुछ साल पहले तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 50,000 रुपए के भीतर मिल जाता था लेकिन अब इसका भाव 1 लाख रुपए को पार कर चुका है। अगर आप सोने में गिरावट का इंतजार कर रहे हैं तो यह रिपोर्ट आपको चौंका सकती है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 10 ग्राम सोना 2.25 लाख रुपए तक पहुंच सकता है जो अभी 1,01,078 के आसपास है। देशभर के ज्यादातर शहरों में 10 ग्राम सोने का रेट एक लाख के पार बना हुआ है।

पिछले 6 सालों में सोने के भाव में 200% का इजाफा हुआ है। 2019 में 10 ग्राम सोना लगभग 30,000 रुपए में मिलता था, जबकि जुलाई 2025 आते-आते इसका रेट 1 लाख के पार चला गया।

कीमतें क्यों बढ़ीं?

विशेषज्ञों के अनुसार, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान-इजरायल संघर्ष, COVID-19 के बाद की आर्थिक अनिश्चितता और वैश्विक तनाव की वजह से सोने में निवेश बढ़ा है। निवेशक इसे सुरक्षित विकल्प मानते हैं, जिससे इसकी कीमतें चढ़ती जा रही हैं। अप्रैल 2025 में MCX पर 10 ग्राम सोना 1,01,078 रुपए तक पहुंच गया था।

आगे का अनुमान

एक रिपोर्ट के मुताबिक, अगर मौजूदा ट्रेंड जारी रहा तो अगले 5 साल में 10 ग्राम सोना 2.25 लाख रुपए तक पहुंच सकता है। 2019 से 2025 के बीच इसमें औसतन 18% सालाना बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि, दूसरी रिपोर्ट का कहना है कि फिलहाल सोने का बाजार समेकन के दौर में है। अगर कोई बड़ी अंतरराष्ट्रीय घटना या तनाव नहीं हुआ, तो कीमतें कुछ समय तक स्थिर रह सकती हैं। वहीं, चीन ने अपने बीमा क्षेत्र की कुल परिसंपत्ति का 1% सोने में निवेश किया है, जबकि कई केंद्रीय बैंक अपनी सोना खरीद धीमी कर रहे हैं।

Exit mobile version