DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पूर्व-गृहमंत्री के बेटे ने नशे में दुकान को मारी टक्कर:थाने में किया हंगामा, पिता की धौंस दिखाई, कहा-जो करना है कर लो, फिर हुआ फरार

कोरबा। कोरबा में बुधवार दोपहर पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। उसने अपनी कार से एक दुकान को टक्कर मार दी। विरोध करने पर संदीप ने दुकानदार और उसके परिवार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।

घटना के बाद पूर्व गृहमंत्री के बेटे को कोतवाली थाने ले जाया गया, लेकिन वहां भी उसका उत्पात कम नहीं हुआ। उसने पुलिसकर्मियों और पीड़ित पक्ष के सामने जमकर हंगामा किया। अपने पिता के पद और रसूख का दिखावा करते हुए कहा, “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”

इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में वह गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से ही फरार हो गया। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरबा बस स्टैंड मुख्य मार्ग का है।

जानकारी के अनुसार, संदीप कंवर नशे में धुत होकर अपनी गाड़ी चला रहा था, जिस पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा था। इतवारी बाजार के पास उसने अनियंत्रित होकर एक दुकान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया, तो संदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गया। बताया जा रहा है कि पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है।

आरोपी संदीप कंवर को कोतवाली थाने लाया गया, लेकिन यहां भी उसका रसूख कम नहीं हुआ। संदीप ने थाने के भीतर भी पुलिसकर्मियों और पीड़ित पक्ष के सामने जमकर हंगामा किया। उसने चिल्लाते हुए अपने पिता के पद और रसूख की धौंस दिखाई और कहा, “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”

थाने में जमकर मचाया उत्पात

वहीं पुलिस की मौजूदगी में भी आरोपी का हौसला इतना बुलंद था कि वह गाली-गलौज करते हुए अपनी गाड़ी लेकर थाने से ही फरार हो गया। पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही और रसूखदार के आगे बेबस नजर आई। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि “हमें अज़ीन कुरैशी की तरफ से शिकायत मिली है कि उनकी दुकान पर एक व्यक्ति द्वारा लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाकर एक्सीडेंट किया गया और उनके साथ मारपीट की गई। आवेदन में जिस गाड़ी का उल्लेख है उस पर ‘विधायक रामपुर’ लिखा हुआ है।”

सीएसपी ने यह भी पुष्टि की कि मामले की विधिवत जांच कर वाहन और चालक की पहचान की जा रही है, और कानून के मुताबिक कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

Exit mobile version