DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कोरबा वासियों को दी शुभकामनाएँ

कोरबा। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कोरबा वासियों को बधाइयाँ और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, न्याय, कर्तव्य और मानवता के प्रति समर्पण का मार्ग दिखाता है। उनका संपूर्ण जीवन इस बात का संदेश देता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सत्य एवं न्याय के मार्ग से विचलित नहीं होना चाहिए।
श्री अग्रवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण ने कर्म को जीवन का आधार मानते हुए हमें निष्काम भाव से अपने कर्तव्य का पालन करने की प्रेरणा दी। उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना द्वापर युग में था।
श्री अग्रवाल ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को केवल पूजा और उत्सव तक सीमित न रखें, बल्कि अपने आचरण और सामाजिक जीवन में भी उतारें। प्रेम, भाईचारा, सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और कमजोर एवं वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता ही एक मजबूत और समतामूलक समाज की आधारशिला है।
श्री अग्रवाल ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कामना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शांति, सद्भाव, समृद्धि और विकास का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो तथा प्रत्येक परिवार सुखी एवं खुशहाल रहे।
आप सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएँ।
जय श्रीकृष्ण!

Exit mobile version