0 कहा-मैंने अपने कार्यकाल में सभी समाज के लिए उपलब्ध कराया सामाजिक भवन
कोरबा। 12 अप्रैल हनुमान जन्मोत्सव पर राजवाड़े कुर्मी समाज संस्थान कुंआ भ_ा परिसर में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल अपने करकमलों से सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधु राजवाड़े ने की। मंच को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे पहले कोरबा विधानसभा क्षेत्र में मैंने सभी समाज को उनका स्वयं का भवन हो, इसके लिए प्राथमिकता से सभी के लिए राशि स्वीकृत की और आज ऐसा कोई भी समाज नहीं है, जिनके पास उनका अपना स्वयं का भवन ना हो। राजवाड़े समाज का सामुदायिक भवन भी स्वीकृत हुआ था, जो अब बनकर तैयार है और मुझे इसका भी लोकार्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। राजवाड़े समाज एक शिक्षित समाज है और एकजुटता से आगे बढ़ रहा है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि 15 साल तक कोरबा की जनता ने मुझे अपार प्रेम और सहयोग दिया। मैंने अपने मंत्रीत्वकाल में सभी समाज को सामाजिक भवन दिया और मेरे ख्याल से कोरबा में कोई ऐसा समाज नहीं है, जिनका अपना भवन नहीं हो। मैंने अपने कार्यकाल में कोरबा के विकास के लिए अपनी पूरी ऊर्जा और क्षमता लगा दी। उन्होंने कहा बीते कार्यकाल के 5 साल में कोरबा में अभूतपूर्व कार्य हुए और कोरबा की तस्वीर महानगरों की तर्ज पर दिखने लगी। श्री अग्रवाल ने अपना उद्बोधन देने से पूर्व नवनिर्मित हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की और कहा कि रामभक्त हनुमान सभी युगों में जीवंत हैं। उनके आशीर्वाद से हमें नई ऊर्जा मिलती है और समाज के लिए कुछ करने का जज्बा आता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता केन्द्रीय अध्यक्ष कृपासिंधु राजवाड़े ने की और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने समाज के सभी लोगों का भी आभार जताया और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में समाज के लोग आए, जिससे यह कार्य सफल हुआ।
