DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने की लोकमंगल एवं जनकल्याण की कामना

कोरबा। पूर्वांचल के लोकआस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल आज प्रातः कोरबा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ उदीयमान भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली बनाए रखने की मंगल कामना की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है, जो आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है।

इस अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा के पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बी.एन. सिंह, दर्री ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी सहित पूर्वांचल समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Exit mobile version