कोरबा। कोरबा के जेंजरा बाईपास के पास पेड़ पर पूर्व स्कूल संचालक का शव फंदे से लटका मिला उसकी जेब से मिले 19 पन्नों के सुसाइड नोट में नौकरी लगवाने के नाम पर लोगों से 50 लाख रुपए लेने, बिचौलिए की मौत के बाद रकम फंसने और कर्ज बढ़ने का जिक्र है।
मृतक की पहचान ग्राम ढेलवाडीह निवासी शिवचरण साहू (36) के रूप में हुई है। शिवचरण ने अपने सुसाइड नोट में लेनदारों पर दबाव बनाने और परेशान करने की बात भी लिखी है।
जानकारी के मुताबिक, कोरोना काल में स्कूल खोलने के बाद नुकसान होने से शिवचरण आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सुसाइड नोट में लिखी बातों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है। घटना कटघोरा थाना क्षेत्र की है।
जेंजरा बाईपास के पास पेड़ पर पूर्व स्कूल संचालक का शव फंदे से लकटता मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारा।
पुलिस न मर्ग कायम करने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
कोरोना काल में खोला था स्कूल, बंद करना पड़ा
बताया जा रहा है कि शिवचरण ने कोरोना काल में एक स्कूल खोला था। हालांकि, स्कूल नहीं चल पाया और उसे बंद करना पड़ा। इसके बाद से ही वह आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था।
इसी दौरान उसने कुछ लोगों से नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए लिए थे। इस काम में एक बिचौलिया भी शामिल था।
बिचौलिए की मौत के बाद फंस गई रकम
पुलिस को शिवचरण की जेब से 19 पन्नों के सुसाइड नोट की फोटोकॉपी मिली है। इसमें नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 50 लाख रुपए लेने का जिक्र है।
नोट के मुताबिक, कोरोना काल में बिचौलिए की मौत हो गई। इसके बाद लोगों से ली गई रकम फंस गई। इस वजह से शिवचरण पर कर्ज बढ़ता गया।
घटना के खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लेनदारों पर परेशान करने का आरोप
सुसाइड नोट में लेनदारों पर लगातार दबाव बनाने और परेशान करने की बात लिखी है। इसमें मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी का भी जिक्र है। चर्चा है कि सुसाइड नोट की मूल कॉपी कोरबा एसपी को भेजी गई है। इसमें कई लोगों के नाम और पैसों के लेन-देन का हिसाब भी लिखा है।
पुलिस सुसाइड नोट की भी कर रही जांच
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि जेंजरा बाईपास के पास युवक का शव मिला है। उसके पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें कर्ज और आर्थिक परेशानी की बात सामने आई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। सुसाइड नोट में लिखी बातों की भी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

