कोरबा। शराब पीने के लिए जबरन रुपये वसूलने की कोशिश और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में सामने आया है। रास्ते में रोककर 500 रुपये मांगने वाले युवकों ने रकम देने से इनकार करने पर दो लोगों के साथ जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में कार्रवाई करते हुए बांकीमोंगरा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। सूरज कुमार बिंझवार अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ बांकीमोंगरा स्थित देसी शराब दुकान से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पूछताछ के बाद शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की।
रुपये देने से मना करना दोनों के लिए भारी पड़ गया। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की। पीड़ितों को हाथ-मुक्कों और बेल्ट से पीटा गया। इतना ही नहीं, उन्हें जमीन पर पटककर भी हमला किया गया।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

घटना के संबंध में सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर को बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 119(1) और 191(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी समीर कुर्रे के कब्जे से मारपीट में इस्तेमाल किया गया एक बेल्ट भी बरामद किया है।
चारों आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने 2 नवंबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
समीर कुर्रे, उम्र 19 वर्ष, पिता रमेश कुर्रे, निवासी मेला मैदान, मोंगरा बस्ती।
आशीष कुमार पाटले, उम्र 29 वर्ष, पिता विनोद कुमार पाटले, निवासी मोंगरा बस्ती।
अमन कुमार कुर्रे, उम्र 24 वर्ष, पिता शत्रुघ्न कुर्रे, निवासी मोंगरा बस्ती।
हेमलाल कुर्रे, उम्र 42 वर्ष, पिता स्व. हरिशंकर कुर्रे, निवासी मोंगरा बस्ती।
सभी आरोपी थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
