DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जांजगीर-चांपा में दो सड़क हादसों में चार लोग घायल:तीन नाबालिगों को बिलासपुर रेफर किया गया, स्कूटी की टक्कर में युवक का पैर टूटा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन नाबालिग लड़कों की हालत गंभीर है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया। दूसरे हादसे में स्कूटी की टक्कर से एक युवक का पैर टूट गया। दोनों घटनाएं सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की हैं।

पहला हादसा खोखसा ओवरब्रिज पर हुआ। सत्यप्रकाश श्रीवास (16) और समीर देवांगन (15) एक बाइक पर सवार होकर दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर आंसू खैरवार (17) सवार था। वह अकलतरा के सराईपाली गांव में रिश्तेदार के यहां हुए कार्यक्रम से लौट रहा था।

खोखसा ओवरब्रिज पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। तीनों नाबालिग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल जांजगीर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

दूसरा हादसा कलेक्ट्रेट चौक के पास हुआ, जहां दो स्कूटियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें करनी भोजनालय में काम करने वाले दीपक कुमार (18) का पैर टूट गया। दूसरी स्कूटी का चालक मौके से चला गया।

दीपक ने बताया कि वह श्री श्याम मंदिर में खाना पहुंचाकर अपनी दुकान लौट रहा था, तभी हादसा हुआ। उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सिटी कोतवाली पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। घायलों के बयान और घटना से जुड़ी जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version