जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले की चांपा थाना क्षेत्र पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोजपुर के प्राचार्य नवनीत पटेल ने 8 अक्टूबर 2025 को चांपा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि दशहरा अवकाश के चलते 26 सितंबर को स्कूल बंद हुआ था। 8 अक्टूबर को स्कूल खुलने पर संकुल केंद्र के कमरे का ताला टूटा मिला।

खिड़की का रॉड तोड़कर घुसे थे चोर
जांच में पता चला कि चोरों ने खिड़की का रॉड तोड़कर स्कूल में प्रवेश किया था। आरोपियों ने एलजी स्मार्ट एलईडी टीवी, क्लेम्प मीटर, डिजिटल मल्टीमीटर, प्लायर, एलईडी लाइट सेट, कूलर मोटर, हैमर, आयरन, पेंट, स्क्रू ड्राइवर और सर्किट बोर्ड समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 460/25 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पहले तीन आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने पहले मुखबिर की सूचना पर यश मिरी, अभिषेक मिरी और नितेश कुर्रे निवासी बैगीन बंधान चांपा को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया था।
तीनों आरोपियों के कब्जे से एलईडी टीवी, कांसा के बर्तन, वाई-फाई, प्रोजेक्टर, बैटरी और टुल्लू पंप सहित कुल 1 लाख 3 हजार 200 रुपये का सामान बरामद किया गया था। तीनों को 5 मई 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।
घर से घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
मामले में फरार चल रहे आरोपी कुनाल मिरी (21) पिता बुधेश्वर मिरी, निवासी भोजपुर,चांपा की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने उसके घर में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कुनाल मिरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से सीपीयू, की-बोर्ड और कांसा के बर्तन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
