स्व. रामेश्वर लाल सिंघानिया ‘नेताजी’ की स्मृति में होगा आयोजन
जांजगीर। मारवाड़ी युवा मंच एवं जागृति शाखा जांजगीर-नैला द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्वर्गीय रामेश्वर लाल सिंघानिया ‘नेताजी’ की स्मृति में निशुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 30 नवंबर, 1 और 2 दिसंबर 2025 को सतसंग भवन, वी.आई.पी. सिटी के सामने आयोजित होगा। आयोजन में भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति का सहयोग प्राप्त है।
शिविर का उद्देश्य उन जरूरतमंद व्यक्तियों को सहारा प्रदान करना है, जिनके हाथ या पैर किसी दुर्घटना, बीमारी या जन्मजात कारणों से क्षतिग्रस्त हुए हैं। आयोजन समिति के अनुसार, शिविर में लाभार्थियों के माप के अनुरूप उत्तम गुणवत्ता वाले कृत्रिम हाथ, पैर, कैलिपर्स, बैसाखी तथा कान की मशीनें पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएँगी। विशेषज्ञ तकनीशियन प्रत्येक व्यक्ति की स्थिति के अनुसार परीक्षण कर उचित उपकरण प्रदान करेंगे।
पंजीयन 29 नवंबर तक रखा गया है। इसके लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड की प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यकता अनुसार विकलांगता प्रमाण पत्र साथ लाने की सलाह दी गई है। शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा। मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया ने बताया कि मंच नियमित रूप से जन सेवा के कार्य वृहद स्तर पर पूरे देश में संचालित करता है। इसी कड़ी में यह आयोजन भी जांजगीर-नैला नगर में किया जा रहा है। समिति ने क्षेत्र के जरूरतमंद नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ लेने की अपील की है साथ अन्य जरूरतमंदों को सूचित करने का निवेदन भी आम जनता से की है।
शिविर का लाभ उठाने के लिए जरूरतमंद मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया, विक्रांत अग्रवाल, दीपक सिंघानिया, अखिल बंसल, आकाश सिंघानिया, नवदीप अग्रवाल, निकुंज भोपालपुरीया, अनुभव अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, बबीता गर्ग, शिखा अग्रवाल, कल्याणी भोपालपुरिया से संपर्क कर सकते हैं।

