DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नक्सलवाद से आजादी…अब खूबसूरती देखने पर्यटकों की बढ़ी भीड़:वीकेंड्स पर चित्रकोट, तीरथगढ़ में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, मिचनार हिलटॉप 45 दिनों के लिए बंद

जगदलपुर, एजेंसी। मानसून में बस्तर के जलप्रपातों का खूबसूरत नजारा देखने के लिए प्रदेश ही नहीं, देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक पहुंच रहे हैं। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात में इन दिनों पानी का प्रवाह काफी अच्छा है, जिससे दोनों पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हैं। खासकर चित्रकोट में 15 अगस्त के बाद से लगातार भीड़ बढ़ी है। शनिवार और रविवार को स्थिति यह रहती है कि यहां दिनभर पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ होती है।

पिछले सालों की तुलना में इस साल पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बस्तर में लंबे समय तक नक्सल का डर पर्यटकों को यहां आने से रोकता था। लेकिन नक्सलवाद से आजादी के बाद अब दूसरे राज्यों के पर्यटक भी यहां घूमने पहुंच रहे हैं।

हाल ही में रायगढ़ के बाइक राइडर्स का एक दल बस्तर आया और अलग-अलग पर्यटन स्थलों की सैर कर तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। इससे बस्तर को लेकर बाहर के लोगों में भी सकारात्मक संदेश जा रहा है।

इधर, मिचनार हिलटॉप को 45 दिनों के लिए आम पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। वन विभाग का कहना है कि फिलहाल यहां पर तेंदुआ और उसके 2 शावकों की मौजूदगी है। जिससे खतरा बना हुआ है। हालांकि, 45 दिनों के बाद स्थिति क्या होगी अभी विभाग ने स्पष्ट नहीं किया है।

चित्रकोट का नजारा देखने भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

चित्रकोट का नजारा देखने भारी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

चित्रकोट में वीकेंड पर पैर रखने तक की जगह नहीं

चित्रकोट जलप्रपात में इन दिनों मानसून का पूरा असर देखने को मिल रहा है। इंद्रावती नदी का पानी जलप्रपात में तेज बहाव के साथ गिर रहा है। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। 15 अगस्त के बाद से यहां भीड़ लगातार बनी हुई है।

शनिवार और रविवार को पर्यटकों की संख्या इतनी बढ़ जाती है कि पार्किंग स्थल में जगह कम पड़ जाती है। कई लोगों को अपनी गाड़ियां जलप्रपात से काफी दूर खड़ी करनी पड़ती हैं। बड़ी संख्या में परिवार, युवा और दूसरे राज्यों से आए पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।

मानसून में चित्रकोट का बदला हुआ रूप पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। बारिश के बाद जलप्रपात में पानी बढ़ने से इसका नजारा और भी शानदार हो गया है।

तीरथगढ़ में भी पर्यटकों की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।

तीरथगढ़ में भी बढ़ी सैलानियों की भीड़

कांगेर घाटी क्षेत्र का तीरथगढ़ जलप्रपात भी मानसून में पर्यटकों की पसंद बना हुआ है। बारिश के बाद जलप्रपात में पानी का प्रवाह बढ़ा है। सीढ़ीनुमा चट्टानों से गिरता पानी देखने के लिए लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं। चित्रकोट के साथ तीरथगढ़ और बस्तर के दूसरे पर्यटन स्थलों को भी पर्यटक अपनी यात्रा में शामिल कर रहे हैं।

वीकेंड पर यहां भी दूसरे दिनों की तुलना में ज्यादा भीड़ दिखाई दे रही है। बस्तर आने वाले पर्यटक अब सिर्फ एक पर्यटन स्थल तक सीमित नहीं रह रहे हैं। चित्रकोट, तीरथगढ़ समेत आसपास के कई प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों की सैर कर रहे हैं।

रायगढ़ से राइडर्स भी पहुंचे थे।

रायगढ़ से बाइक राइडर्स पहुंचे, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें

पिछले सप्ताह रायगढ़ से बाइक राइडर्स की एक टीम बस्तर पहुंची। टीम ने बस्तर के अलग-अलग पर्यटन स्थलों की सैर की। इस दौरान तस्वीरें और वीडियो बनाए और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। बाइक राइडर्स ने बस्तर की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ यहां के पर्यटन स्थलों को भी सोशल मीडिया पर दिखाया। उन्होंने लोगों को यह संदेश दिया कि बस्तर अब शांत है और पर्यटक यहां बेफिक्र होकर घूमने आ सकते हैं।

सोशल मीडिया पर बस्तर की तस्वीरें और वीडियो लगातार पहुंचने से दूसरे शहरों और राज्यों के लोगों में भी यहां घूमने को लेकर रुचि बढ़ रही है। यही वजह है कि इस मानसून में बस्तर के पर्यटन स्थलों पर बाहरी पर्यटकों की मौजूदगी पहले के मुकाबले ज्यादा नजर आ रही है।

Exit mobile version