DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इंडियन पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं में बाल दिवस के उपलक्ष्य में लगा आनंद मेला

पाली। बाल दिवस के पावन अवसर पर 14 नवंबर को इंडियन पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं पाली, पोंड़ी, चैतमा एवं जटगा में आनंद मेले का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करना था।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। आनंद मेले ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने का एक बेहतरीन मंच प्रदान किया। बच्चों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं उल्लास के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, उनके सपनों, उनकी प्रतिभाओं और उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का भी अवसर है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं।

कार्यक्रम का सफल आयोजन इंडियन पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर श्री राकेश मिश्रा के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। वहीं एडमिनिस्ट्रेटर श्री कुणाल महापात्रा तथा प्रिंसिपल श्री संतोष देवनाथ के मार्गदर्शन में सभी शाखाओं के विद्यालय प्रमुखों एवं शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पाली, पोंड़ी, चैतमा एवं जटगा की सभी शाखाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बच्चों के लिए कार्यक्रम को यादगार बनाने में विशेष सहयोग प्रदान किया। सभी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सहयोग से चारों शाखाओं में आनंद मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इंडियन पब्लिक स्कूल परिवार ने संदेश दिया कि बच्चों की मुस्कान ही विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उनका सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा और सुनहरा भविष्य ही विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Exit mobile version