DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

रायगढ़ के NRVS प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, 3 मजदूर झुलसे:लोहा गलाने के दौरान हादसा, 1 की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

रायगढ़,एजेंसी। रायगढ़ जिले के NRVS फैक्ट्री में फर्नेस ब्लास्ट होने से 3 मजदूर झुलस गए। शुक्रवार (24 अक्टूबर) सुबह हुए हादसे में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। वहीं दो मजदूरों को जिले के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, तराईमाल स्थित NRVS प्लांट में हर दिन की तरह फर्नेस में लोहे को गलाने का काम चल रहा था, तभी वह अचानक ब्लास्ट हुआ। घटना सुबह लगभग 7 बजे हुई, जब पास में काम कर रहे मजदूर ब्लास्ट की चपेट में आ गए।

तराईमाल स्थित NRVS प्लांट। जहां घटना हुई।

तराईमाल स्थित NRVS प्लांट। जहां घटना हुई।

घायलों का इलाज जारी

गंभीर रूप से घायल रामनारायण यादव (40) यूपी के आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं। इसके अलावा दो अन्य मजदूर भी झुलस गए। घटना के बाद फैक्ट्री में हड़कंप मच गया और प्लांट अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

घटना के बाद मजदूरों को तुरंत जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने रामनारायण यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया, जबकि दो अन्य मजदूरों का इलाज वहीं जारी है।

मामले में जांच की जा रही है

इस संबंध में पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि तराईमाल स्थित एनआरवीएस प्लांट में हादसा हुआ है। 1 मजदूर गंभीर है और 2 मामूली रूप से झुलसे हैं। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले में पूछताछ करते हुए आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version