बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित फिल पॉवर प्लांट में इंडक्शन फर्नेस फटने से एक क्रेन ऑपरेटर गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना शनिवार दोपहर को निरतू-घुटकू के पास हुई, जिसमें बिहार निवासी 26 वर्षीय आशुतोष कुमार घायल हो गया।
आशुतोष को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, आशुतोष का 60 प्रतिशत शरीर झुलस गया है और फेफड़ों में धुआं भरने के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

कोनी थाना के टीआई भावेश शेंडे ने बताया कि जब वे घायल ऑपरेटर का बयान लेने अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उन्हें रोक दिया। डॉक्टरों का कहना था कि आशुतोष अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।
आशुतोष के भाई मनीष सिंह, जो स्वयं जरौंधा के नूतन स्टील प्लांट में साइट मैनेजर हैं, से पूछताछ करने पर उन्होंने घटना के बारे में अनभिज्ञता जताई। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी।
घटना की सूचना मिलने पर प्रशिक्षु आईपीएस गगन कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में आशुतोष कुमार के अलावा कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
प्रबंधन का दावा, बड़ा विस्फोट नहीं हुआ
फिल ग्रुप के प्रबंधक प्रदीप झा के मुताबिक, बायलर ठेके पर संचालित हो रहा था और आशुतोष इसी ठेका कंपनी के अंतर्गत कार्यरत था। उन्होंने बताया कि बेहतर इलाज के लिए रायपुर से विशेषज्ञ डाक्टर बुलाए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्लांट में कोई बड़ा विस्फोट नहीं हुआ, केवल एक व्यक्ति झुलस गया है, जिसका बेहतर उपचार कराया जा रहा है।
