DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इंडियन पब्लिक स्कूल पाली में गांधी-शास्त्री जयंती एवं शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

कोरबा/पाली। इंडियन पब्लिक स्कूल हेड ऑफिस पाली में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर इंडियन पब्लिक स्कूल की चैतमा, पोंड़ी, जटगा एवं पाली शाखाओं सहित रामकृष्ण मिशन पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टॉफ ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित शिक्षकों एवं स्टॉफ ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, सादगी, ईमानदारी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर राकेश मिश्रा ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षक का दायित्व केवल बच्चों को शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया।

एडमिनिस्ट्रेटर कुणाल महापात्रा ने शिक्षकों को अपने कार्य में अनुशासन, समयबद्धता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।
कार्यक्रम के दौरान सभी शाखाओं से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टॉफ के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षण की आधुनिक पद्धतियों, विद्यार्थियों के साथ बेहतर संवाद, कक्षा प्रबंधन, अनुशासन, विद्यालयीन कार्यप्रणाली तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को अपने शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

प्रिंसिपल संतोष देवनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जैसे महान व्यक्तित्वों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को विद्यालयीन जीवन एवं शिक्षण व्यवस्था में अपनाकर विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने की दिशा में कार्य किया जा सकता है।
कार्यक्रम में इंडियन पब्लिक स्कूल की सभी शाखाओं एवं रामकृष्ण मिशन पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा स्टॉफ ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, अनुशासन, सेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।

Exit mobile version