बलरामपुर, एजेंसी। बलरामपुर पुलिस और एसटीएफ भुवनेश्वर ने संयुक्त कार्रवाई कर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में ओडिशा से चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब तक 3139.570 किलोग्राम गांजा जब्त कर चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये है।
गिरफ्तार आरोपियों में दुर्वाशा साहु (46), सुबुधी साहु (40), अरुण कुमार राना (34) और प्रकाश खटुआ (35) शामिल हैं। सभी आरोपी ओडिशा के बौध जिले के कंटामाल थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इससे पहले लोकेश शर्मा, आमिष अंसारी और नीलाम्बर कंहार समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

दो मामलों की जांच में हुआ खुलासा
यह कार्रवाई थाना बसंतपुर में दर्ज दो एनडीपीएस मामलों की जांच के दौरान हुई। पहले मामले में 29 दिसंबर 2025 को टाटा ट्रक से 1198.460 किलो गांजा बरामद हुआ था, जिसे नारियल की भूसी में छिपाकर ओडिशा से राजस्थान ले जाया जा रहा था। दूसरे मामले में 11 जून को ट्रक RJ-14 GU-9078 से 1941.110 किलो गांजा जब्त किया गया था।
पूछताछ में सामने आया नेटवर्क
जांच में पता चला कि ओडिशा के सोनपुर स्थित लोपा ढाबा के पास पिकअप वाहनों से गांजा लाकर ट्रकों में लोड किया जाता था। तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और पहचान परेड के आधार पर चारों आरोपियों की भूमिका सामने आई। आरोपियों ने पूछताछ में तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
तस्करों पर होगी सख्त कार्रवाई
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी, खरीद-फरोख्त और परिवहन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
