कोरबा। कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित एसएलआरएम (ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन) सेंटर में मंगलवार रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं देखकर आसपास की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले एसईसीएल कर्मचारियों और उनके परिवारों में दहशत फैल गई।
गनीमत रही कि सूचना मिलते ही एसईसीएल की दमकल टीम मौके पर पहुंच गई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो लपटें आवासीय मकानों तक पहुंच सकती थीं।
आदर्श नगर में मंगलवार रात हादसा
लंबे समय से बंद सेंटर में जमा था कचरे का अंबार
मिली जानकारी के अनुसार, एसएलआरएम सेंटर का निर्माण कचरा संग्रहण और पुनर्चक्रण के लिए किया गया था, लेकिन यह लंबे समय से बंद पड़ा है।
रखरखाव के अभाव में सेंटर के अंदर और बाहर बड़ी मात्रा में सूखा कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट जमा हो गया था। मंगलवार रात इसी कचरे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर से दिखाई देने लगीं।

पूर्व पार्षद की सूचना पर पहुंची दमकल टीम
आग लगते ही स्थानीय निवासियों ने पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर को सूचना दी। उन्होंने तत्काल एसईसीएल के उच्च अधिकारियों और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद एसईसीएल की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
एसईसीएल की दमकल टीम ने समय रहते पाया काबू
बिजली की लाइन से चिंगारी निकलने की आशंका
पूर्व पार्षद शाहिद कुजूर ने बताया कि सेंटर लंबे समय से बंद है और वहां कचरे का अंबार लगा हुआ है। आशंका है कि पास से गुजर रही बिजली की लाइन से निकली चिंगारी या किसी अन्य कारण से कचरे में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पास में ही है एसईसीएल कर्मचारियों की कॉलोनी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एसएलआरएम सेंटर के ठीक बगल में एसईसीएल कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी है। ऐसे में आग की लपटें मकानों तक पहुंचने का खतरा था।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से कॉलोनी पर मंडरा रहा खतरा टल गया।
