बलरामपुर (बिलासपुर),एजेंसी। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में जल जीवन मिशन को लेकर विवाद सामने आया है। रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम परहियाडीह में क्रेडा विभाग द्वारा सोलर ड्यूल पंप निर्माण में गुणवत्ता की कमी पाई गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि दो जगहों पर सोलर पंप के स्ट्रक्चर के लिए बन रहे सिविल फाउंडेशन में घटिया सामग्री का उपयोग हुआ है। निर्माण में कम गुणवत्ता की गिट्टी और रेत का इस्तेमाल हो रहा है। ठेकेदारों ने सुधार की मांग पर ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों की शिकायत पर जिला पंचायत सभापति बद्री यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्य की खराब गुणवत्ता देखकर नाराजगी जताई। सभापति ने अधिकारियों को मानक के अनुरूप काम करने के निर्देश दिए।
दोषियों पर कार्रवाई की मांग
निर्माण की शुरुआत में ही फाउंडेशन की सतह में दरारें दिखाई दे रही हैं। फाउंडेशन कई जगहों से टूटने लगा है। ग्रामीण अब कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
उनका कहना है कि दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इससे सरकारी योजनाओं में होने वाली अनियमितताओं पर रोक लग सकेगी।
