कोरिया, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार देर रात गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से एसईसीएल के डिप्टी मैनेजर की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने उन्हें घर और किचन का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला। चरचा हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने उन्हें जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। खुद सिलेंडर का नोजल खोलकर आग लगाने की आशंका है। मामला चरचा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, चरचा के एसईसीएल की चाइना ब्लॉक के आवास में रहने वाले डिप्टी मैनेजर केवी नंदन रात करीब 9.30 बजे घर पर थे। उनका 14 साल का बेटा बाहर खेल रहा था। केवी नंदन दरवाजा बंद कर किचन में चले गए। किचन में सिलेंडर के जोरदार विस्फोट से उनकी मौत हो गई।
दरवाजा तोड़ा तो मृत मिले डिप्टी मैनेजर
विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर का बंद दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहहर निकाला गया। उन्हें चरचा के रीजनल हॉस्पिटल में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
आसपास के लोगों ने बताया कि, डिप्टी मैनेजर केवी नंदन की मानसिक स्थिति कुछ दिनों से ठीक नहीं थी। हादसे के दौरान घर और किचन का दरवाजा उन्होंने अंदर से बंद कर लिया था। आशंका है कि गैस का नोजल खोलकर उन्होंने खुद आग लगा ली थी।
सूचना पर परिजन पहुंचे, जांच में जुटी पुलिस
डिप्टी मैनेजर केवी नंदन अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ चरचा कालरी के आवास में रह रहे थे। कुछ समय से वे नियमित ड्यूटी भी नहीं कर रहे थे। उनकी पत्नी सुमन भारती नंदन अपने 12 साल के बच्चे को लेकर कुछ दिनों पहले रिश्तेदारी में रांची गई थी।
हादसे की सूचना पर पत्नी सहित बाकी परिजन चरचा पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
