कोरबा। कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र की रामनगर बस्ती में शनिवार देर रात गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में मकान मालिक गजानंद साहू की पत्नी और दो बच्चे बाल-बाल बच गए। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, गजानंद साहू के घर की रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के पाइप में लीकेज हो गया, जिससे अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि घर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और छत के परखच्चे उड़ गए।
धमाके के बाद घर में रखे फ्रिज और एक दूसरे गैस सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली। कुछ ही सेकंड में फ्रिज भी फट गया, जिससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास की बस्ती के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
महिला और बच्चों को सुरक्षित निकला गया
उन्होंने घर में मौजूद महिला और दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पाइप की मदद से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और मानिकपुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची।
गैस पाइप लीकेज की आशंका
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर घटनाक्रम की जानकारी ली और आगे की कार्रवाई शुरू की। मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस पाइप लीकेज से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने पुष्टि की कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन घर को काफी नुकसान पहुंचा है।
लोगों में दहशत का माहौल
इस ब्लास्ट के बाद पूरे रामनगर बस्ती में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर और पाइप की नियमित जांच कराएं। लीकेज होने पर तुरंत गैस सप्लायर या फायर विभाग को सूचना दें।
