DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

गौतम अडाणी पर न्यूयॉर्क में धोखाधड़ी का आरोप:दावा- सोलर एनर्जी कॉन्ट्रैक्ट के लिए ₹2200 करोड़ की रिश्वत ऑफर की, नेटवर्थ ₹1.02 लाख करोड़ घटी

न्यूयॉर्क/नई दिल्ली ,एजेंसी। अमेरिका में उद्योगपति गौतम अडाणी समेत 8 लोगों पर अरबों रुपए की धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी ऑफिस का कहना है कि अडाणी ने भारत में सोलर एनर्जी से जुड़ा कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को 265 मिलियन डॉलर (करीब 2200 करोड़ रुपए) की रिश्वत दी या देने की योजना बना रहे थे।

यह पूरा मामला अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और एक अन्य फर्म से जुड़ा हुआ है। 24 अक्टूबर 2024 को न्यूयॉर्क की फेडरल कोर्ट में यह केस दर्ज हुआ था। बुधवार को इसकी सुनवाई में गौतम अडाणी, उनके भतीजे सागर अडाणी, विनीत एस जैन, रंजीत गुप्ता, साइरिल कैबेनिस, सौरभ अग्रवाल, दीपक मल्होत्रा और रूपेश अग्रवाल को आरोपी बनाया गया है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम अडाणी और सागर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है। सागर अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के अधिकारी हैं।

अमेरिकी निवेशकों का पैसा, इसलिए वहां केस

अडाणी पर आरोप है कि रिश्वत के इन पैसों को जुटाने के लिए उन्होंने अमेरिकी निवेशकों और बैंकों से झूठ बोला। अमेरिका में मामला इसलिए दर्ज हुआ, क्योंकि प्रोजेक्ट में अमेरिका के इन्वेस्टर्स का पैसा लगा था और अमेरिकी कानून के तहत उस पैसे को रिश्वत के रूप में देना अपराध है।

अडाणी बोले- सभी आरोप आधारहीन, खंडन करते हैं

अडाणी ग्रुप ने सभी आरोपों को आधारहीन बताया है। एक बयान में ग्रुप ने कहा – ‘अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के डायरेक्टर्स के खिलाफ यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस और यूनाइटेड स्टेट्स सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं। हम उनका खंडन करते हैं।

अमेरिकी न्याय विभाग ने खुद ही कहा कि अभी ये सिर्फ आरोप हैं। आरोपियों को तब तक निर्दोष माना जाता है, जब तक कि वे दोषी साबित न हो जाएं।

अडाणी ग्रीन एनर्जी ने बॉन्ड की पेशकश रोकी

अडाणी ग्रुप ने बुधवार को ही 20 इयर ग्रीन बॉन्ड की बिक्री से 600 मिलियन डॉलर (5064 करोड़ रुपए) जुटाने की घोषणा की थी। इसके कुछ घंटों बाद उन पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए।

अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा- यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस और यूनाइटेड स्टेट्स सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन ने हमारे बोर्ड मेंबर्स गौतम अडाणी और सागर अडाणी के खिलाफ न्यूयॉर्क डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में क्रिमिनल केस किया है और एक सिविल कम्प्लेन दर्ज की है।

अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने हमारे बोर्ड के सदस्य विनीत जैन को भी इस क्रिमिनल केस में शामिल किया है। इसके मद्देनजर, हमारी सहायक कंपनियों ने फिलहाल प्रस्तावित बॉन्ड पेशकशों को आगे न बढ़ाने का फैसला किया है। अब इस बॉन्ड की पेशकश को भी अडाणी ग्रुप ने टाल दिया है।

गौतम अडाणी की नेटवर्थ एक दिन में ₹1.02 लाख करोड़ घटी

रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोप के बाद कंपनियों के शेयर में आई गिरावट से अडाणी ग्रुप के चेयरपर्सन गौतम अडाणी की नेटवर्थ एक दिन में 12.1 बिलियन डॉलर (करीब 1.02 लाख करोड़ रुपए) घटकर 57.7 बिलियन डॉलर (4.87 लाख करोड़ रुपए) रह गई है। इसी के साथ अडाणी फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट में 25वें नंबर से सीधे 22वें नंबर पर आ गए हैं। हालांकि, इसके बाद भी मुकेश अंबानी के बाद गौतम अडाणी दूसरे सबसे अमीर भारतीय बने हुए हैं।

अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 में गिरावट रही

अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 गिरावट और 1 तेजी के साथ बंद हुए। अडाणी एंटरप्राइजेज में सबसे ज्यादा 23.44% गिरा। जबकि, अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 18.95% की गिरावट के साथ बंद हुआ।

Exit mobile version