नई दिल्ली,एजेंसी। सोने-चांदी के दाम आज यानी 8 सितंबर को ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार आज सोना 1,699 रुपए बढ़कर 1,08,037 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले सोना 1,06,338 रुपए पर था। वहीं चांदी 1,243 रुपए बढ़कर 1,24,413 रुपए प्रति किलो हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 1,23,170 रुपए थी।
भोपाल सहित 4 महानगरों में 10 ग्राम सोने की कीमत
- दिल्ली: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,08,530 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.99,500
- मुंबई: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,08,380 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.99,350
- कोलकाता: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,08,380 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.98,660
- चेन्नई: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,08,770 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.99,700
- भोपाल: 24 कैरेट सोने की कीमत रू.1,08,410 और 22 कैरेट सोने की कीमत रू.99,400
इस साल सोना रू.32,000 और चांदी रू.38,000 महंगी हुई
- इस साल अब तक सोने की कीमत 31,875 रुपए (40%) बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,08,037 रुपए का हो गया है।
- चांदी का भाव भी इस दौरान 38,396 रुपए (43%) बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,24,413 रुपए प्रति किलो हो गई है।
सोने की कीमतों में तेजी के 5 कारण
- वैश्विक अनिश्चितता: ट्रम्प के टैरिफ प्लान और व्यापार युद्ध के डर से निवेशक सोने को सुरक्षित मानकर खरीद रहे हैं।
- केंद्रीय बैंकों की खरीद: चीन और रूस जैसे देश बड़ी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं, जिससे मांग बढ़ी है।
- युद्ध और तनाव: रूस-यूक्रेन के युद्ध खत्म न होने से अस्थिरता से लोग सोने में निवेश बढ़ा रहे हैं।
- महंगाई और कम ब्याज दरें: मुद्रास्फीति के डर और फेडरल रिजर्व की कम ब्याज दरों से सोना आकर्षक हो गया है।
- डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट: डॉलर के मुकाबले रुपए में गिरावट के चलते भी सोना महंगा हो रहा है।
इस साल रू.1 लाख 10 हजार तक जा सकता है सोना
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि अमेरिका के टैरिफ के चलते जियो पॉलिटिकल टेंशन बनी हुई है। इससे गोल्ड को सपोर्ट मिल रहा है और इसकी डिमांड भी बढ़ रही है। ऐसे में इस साल सोना 1 लाख 10 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं, चांदी इस साल 1 लाख 35 हजार रुपए तक जा सकती है।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें : हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। नए नियम के तहत एक अप्रैल से छह डिजिट वाले अल्फान्यूमेरिक हॉलमार्किंग के बिना सोना नहीं बिकेगा। जैसे आधार कार्ड पर 12 अंकों का कोड होता है, उसी तरह से सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होगा। इसे हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन नंबर यानी HUID कहते हैं।
ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग के जरिए ये पता करना संभव हो गया है कि कोई सोना कितने कैरेट का है।
2. कीमत क्रॉस चेक करें : सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।
24 कैरेट सोने को सबसे शुद्ध सोना माना गया है, लेकिन इसकी ज्वेलरी नहीं बनती, क्योंकि वो बेहद मुलायम होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।

