DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

सोना पहली बार ₹1.26 लाख पार, आज ₹1997 महंगा हुआ:चांदी के दाम ₹2,775 बढ़कर ₹1.78 लाख के ऑलटाइम हाई पर पहुंचे

नई दिल्ली,एजेंसी। सोने की कीमत आज पुष्य नक्षत्र के मौके पर (14 अक्टूबर) पहली बार सवा लाख के पार पहुंच गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने के दाम 1,997 रुपए बढ़कर 1,26,152 रुपए हो गए हैं। इससे पहले सोमवार को ये 1,24,155 रुपए पर था।

वहीं, चांदी की कीमत 2,775 रुपए बढ़कर 1,78,100 रुपए प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है। सोमवार को ये 1,75,325 रुपए पर थी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फेस्टिव सीजन, इंडस्ट्रियल डिमांड और ग्लोबल स्तर पर सप्लाई कम और मांग बढ़ने की वजह से चांदी की कीमत में लगातार बढ़त देखने को मिल रही है।

कैरेट के हिसाब से सोने की कीमत

कैरेटभाव (रुपए/10 ग्राम)
24₹1,26,152
22₹1,15,555
18₹94,614
14₹73,799

देश के बड़े शहरों में सोने की कीमत

शहर10 ग्राम 24 कैरेट10 ग्राम 22 कैरेट
दिल्ली₹1,28,500₹1,17,800
मुंबई₹1,28,350₹1,17,650
कोलकाता₹1,28,350₹1,17,650
चेन्नई₹1,29,000₹1,18,250
जयपुर₹1,28,500₹1,17,800
भोपाल₹1,28,400₹1,17,700
पटना₹1,28,730₹1,18,000
लखनऊ₹1,28,500₹1,17,800
रायपुर₹1,28,350₹1,17,650
अहमदाबाद₹1,28,400₹1,17,700

सोर्स: IBJA/Good Returns (14 अक्टूबर, 2025)

इस साल सोना रू.49,990 और चांदी रू.92,083 महंगी हुई

इस साल अब तक सोने की कीमत 49,990 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपए का था, जो अब 1,26,152 रुपए हो गया है।

चांदी का भाव भी इस दौरान 92,083 रुपए बढ़ गया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी की कीमत 86,017 रुपए थी, जो अब 1,78,100 रुपए प्रति किलो हो गई है।

1.55 लाख रुपए तक जा सकता है सोना

गोल्डमैन सैक्स की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, बैंक ने अगले साल तक सोने के लिए 5000 डॉलर प्रति औंस का टारगेट रखा है। मौजूदा एक्सचेंज रेट के हिसाब से रुपए में यह लगभग 1,55,000 रुपए प्रति 10 ग्राम होगा। ब्रोकरेज फर्म पीएल कैपिटल के डायरेक्टर संदीप रायचुरा ने कहा कि सोना 1,44,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।

तीन बड़े कारण, जिससे आई सोने में तेजी

  • फेस्टिव सीजन डिमांड: दिवाली-धनतेरस पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। इससे बायिंग इंटरेस्ट मजबूत हो गया है, भले ही हाई प्राइसेस की वजह से क्वांटिटी कम हो।
  • जियोपॉलिटिकल टेंशन: मिडिल ईस्ट में उथल-पुथल और ट्रेड वॉर की चिंताओं के कारण निवेशक सोना खरीद रहे हैं। अमेरिका की नीतियों को लेकर अनिश्चितता है।
  • केंद्रीय बैंकों की खरीदारी: दुनियाभर के बड़े बैंक डॉलर पर निर्भरता कम करना चाहते हैं। इसलिए वे अपने खजाने में सोने का हिस्सा लगातार बढ़ाते जा रहे हैं।

चांदी की कीमत 3 कारणों से बढ़ रही

  • सोने की तरह दिवाली जैसे त्योहारों की वजह से चांदी की मांग बढ़ी है।
  • रुपए की कमजोरी के कारण चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है।
  • इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल जैसे उद्योगों में चांदी की मांग बढ़ी है।

अभी सोने में निवेश का सही समय नहीं

केडिया एडवाइजरी डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार सोना इस साल करीब 60% बढ़ चुका है, ऐसे में आगे शॉर्ट टर्म में तेजी की उम्मीद कम है। लोग मुनाफा वसूली कर सकते हैं। हालांकि इसमें लॉन्ग टर्म के लिए निवेश फायदा दे सकता है।

सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

1. सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।

2. कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

Exit mobile version