DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अचानक सोने के गिरे दाम, चांदी भी 5,000 हुई सस्ती

नई दिल्ली, एजेंसी। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। दिवाली की छुट्टियों के कारण कारोबार सुस्त रहने से सोना 800 रुपये टूटकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना मंगलवार के कारोबारी सत्र में 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को इसकी कीमत 800 रुपये घटकर 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई। चांदी की कीमतें भी दो सत्र तक स्थिर रहने के बाद नीचे आईं। यह 5,000 रुपये लुढ़ककर 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई, जबकि मंगलवार को इसका भाव 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ”दिवाली की छुट्टियों के दौरान घरेलू कारोबार सुस्त रहने और कई स्थानीय बाजार बंद होने के कारण बुधवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई।” उन्होंने कहा कि लगातार बनी महंगाई और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त मौद्रिक रुख के संकेतों से कीमती धातुओं का परिदृश्य अनिश्चित बना हुआ है। इससे डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड पर प्रतिफल ऊंचा रह सकता है, जिससे सोने की कीमतों में तेजी की संभावनाएं सीमित होंगी। वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,047.71 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 52.86 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि पिछले कारोबारी सत्र में तेज गिरावट के बाद हाजिर सोना 4,051 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर होने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भू-राजनीतिक घटनाक्रम भी बाजार के केंद्र में रहे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि संघर्ष अब खत्म हो चुका है, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध प्रभावी रूप से समाप्त होने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की संभावनाएं बढ़ी हैं।

Exit mobile version