DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

भारत में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों को गूगल ने बताया अफवाह, सिर्फ 30 पद किए खत्म

नई दिल्ली, एजेंसी। गूगल क्लाउड ने अपने भारतीय परिचालन में बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए बुधवार को कहा कि भारत में छोटे संगठनात्मक फेरबदल के तहत पिछले सप्ताह करीब 30 पद समाप्त किए गए हैं। 

गूगल क्लाउड इंडिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा , ”ये अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। गूगल क्लाउड ने पिछले सप्ताह भारत में एक छोटा संगठनात्मक बदलाव किया और काम की प्राथमिकताओं को फिर से तय करने के तहत करीब 30 पद समाप्त किए गए।” 

गूगल की क्लाउड कंप्यूटिंग और कृत्रिम मेधा (एआई) सेवाएं देने वाली इकाई की यह सफाई कर्मचारियों के बीच चर्चा के मंच ‘ब्लाइंड’ और सोशल मीडिया पर कथित छंटनी तथा नौकरी समाप्त करने के नोटिस प्रसारित होने की खबरों के बाद आई है। इससे पहले बड़े पैमाने पर छंटनी और कर्मचारियों को 24 घंटे के भीतर इस्तीफा देने की समयसीमा दिए जाने के गुमनाम दावे भी सामने आए थे। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि इस संगठनात्मक बदलाव से कौन-सी टीम या किन स्थानों के कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।

Exit mobile version