सराफा व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं: टेंट लगाकर धरने पर बैठे

कोरबा। बीती रात 9.30 बजे से 10.00 बजे के बीच नया बस स्टैंड के समीप लालूराम कालोनी रोड स्थित गोपालराय सोनी के घर में घुस कर दो नकाबपोशों ने गोपालराय को धारदार हथियार से मारकर उनकी हत्या कर उन्हीं की कार में फरार हो गए। 18 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं मिल पाया।
घटना के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ घटना स्थल का मुआयना किया और आरोपियों को पकडऩे कई एंगलों से जांच करने के निर्देश दिए और इस बड़े हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने स्वयं एसपी श्री तिवारी लगे हुए है।
आज बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला कोरबा पहुंचे और एसपी के साथ घटना स्थल पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने मृतक गोपालराय सोनी के पुत्र एवं अन्य परिजनों से इसकी जानकारी ली। सिविल लाईन थाना अंतर्गत सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत टीपी नगर में इस वारदात से कोरबा सहमा हुआ है। उधर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि आरोपी शीघ्र ही पकड़े जाएंगे।
घटना के विरोध में धरने पर बैठे सराफा कारोबारी
एसएस प्लाजा स्थित अमृता ज्वेलर्स के संचालक गोपालराय सोनी 05 जनवरी की रात दुकान से घर पहुंचे ही थे, तभी रात 9.30 से 10.00 बजे नकाब पोश दो लोग उनके घर घुसे और उनपर हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। परिजनों को इसकी खबर मिलते ही तुरंत घर पहुंचे और लहुलूहान गोपालराय सोनी को एक निजी अस्पताल ले गए,लेकिन उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो चुकी थी। इस दर्दनाक वारदात के बाद सराफा कारोबारियों में आक्रोश और रोष तथा शोक की लहर दौड़ गई और इस जघन्य अपराध के खिलाफ टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। कोरबा के सभी सराफा ब्यापारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने एसपी सहित सभी अधिकारियों को आवश्यक रणनीति के तहत आरोपियों को पकडऩे निर्देशित किया है।
24 साल पहले भी इनके घर में हुई थी वारदात
गांधी चौक के पास सिल्वर सेंटर का संचालन होता है, तब गोपालराय सोनी भी वहीं रहा करते थे। उस समय वहां इससे भी जघन्य हत्याकांड हुआ था और गोपालराय के जीजा सहित तीन लोगों को मार दिया गया था। यह सदमा आज भी कोरबा नहीं भूल पाया है और उन्हीं के परिवार में एक और बड़ा हत्याकांड होने से कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे पारिवारिक रंजिश की बात कह रहे हैं, तो कुछ लोग इसे जानकार लोगों की करतूत मान रहे हैं। कोरबा पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात एसपी द्वारा की जा रही है।
