DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

गोपालराय हत्याकांड: जयसिंह ने कहा- आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे पुलिस


कहा-कोरबा समेत राज्य की बिगड़ी कानून व्यवस्था: घर हो या सडक़… कहीं कोई सुरक्षित नहीं

फ्लोरा मैक्स से ठगी महिलाओं को न्याय नहीं और अनशन करना पड़ रहा
कोरबा। शहर के टीपी नगर स्थित लालू राम कालोनी में सराफा व्यापारी गोपालराय सोनी की जघन्य हत्या पर पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि शहर के सबसे व्यस्त इलाके में दो हमलावर घर में घुस कर सराफा व्यापारी गोपाल राय सोनी की धारदार हथियार से जघन्य हत्या कर उनकी कार लेकर फरार हो जाते हैं, वह भी भीड़भाड़ वाले इलाके में, यह सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि कोरबा समेत प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। फ्लोरा मैक्स जैसी ठग कंपनी ने लगभग 38 हजार महिलाओं से 100 करोड रुपए से भी अधिक की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार जरूर किया, लेकिन महिलाएं कर्जदार बन अभी भी भटक रही हैं। पुलिस की नाक के नीचे यह सब होता रहा। पुलिस तब जागी जब महिलाएं खुद सामने आईं। कर्जदार हो गई महिलाएं अब दर-दर भटक रहे हैं और उन्हें आंदोलन करना पड़ रहा है। आज से वे अनशन पर बैठ गई हैं, लेकिन उन्हें न्याय कौन दिलाएगा? इस पर कोई अभी तक संज्ञान भी नहीं लिया और वे गरीब महिलाएं सभी कामधाम छोडक़र, यहां तक की किराये के लिए कर्जा लेकर रोजाना कोरबा की दौड़ लगा रही हैं। इसके अलावा डीजल चोरी जैसे संगठित अपराध में भी पुलिस की संलिप्तता उजागर हुई है। हाल ही में कुसमुंडा, गेवरा क्षेत्र से डीजल चोर गिरोह को पकड़ा गया। डीजल चोर गिरोह से की गई पूछताछ के बाद यह बात सामने आई कि लगभग आधा दर्जन पुलिस वाले डीजल चोरी के इस कारोबार में सम्मिलित थे। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने खुद पुलिस वालों को सस्पेंड किया। जिससे यह बात प्रमाणित होती है कि संगठित अपराध भी पुलिस के संरक्षण में पोषित हो रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिले और राज्य में पुलिसिंग की हालत क्या है।
टीपी नगर में हुए जघन्य हत्याकांड के बाद शहर के व्यवसायियों में डर का माहौल है। जिस तरह से घर में घुसकर व्यवसायी गोपाल राय सोनी की हत्या कर दी गई है। उससे कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा उठ गया है। दिखावे की कार्रवाई करने के स्थान पर कातिलों को जल्द पकड़ा जाना चाहिए। सडक़ से लेकर घर के भीतर तक कहीं भी लोगों की जान सुरक्षित नहीं है। जिले में सडक़ दुर्घटनाएं तेजी से बढ़ रहीं हैं। लोग असमय मौत के मुंह में समा रहे हैं। तो दूसरी तरफ घर के भीतर भी आम आदमी की जान सुरक्षित नहीं है। श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के हर जिले में आये दिन हो रहे अपराध चिंता का विषय है।

Exit mobile version