DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

समाधान का मिला भरोसा: टेट के लिए सीएम से मिले शिक्षक

चांपा। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने टेट प्रभावित शिक्षकों की समस्याओं को लेकर सीएम से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में कार्यरत लाखों शिक्षकों से जुड़ी टेट विसंगति पर चर्चा की।

सीएम को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बसंत कौशिक, राजीव नयन शुक्ला ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लाखों सहायक शिक्षक और समग्र शिक्षक वर्षों से सेवा दे रहे हैं। टेट से जुड़ी तकनीकी विसंगतियों और नियमों के कारण उनके हित प्रभावित हो रहे हैं। सीएम ने शिक्षकों की बात गंभीरता से सुनी। फेडरेशन को भरोसा दिलाया कि जायज मांगों पर सरकार गंभीर है। टेट से प्रभावित लाखों परिवारों के भविष्य को लेकर भी संवेदनशीलता से काम होगा। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में केंद्र सरकार के पटल पर छत्तीसगढ़ की ओर से टेट का मुद्दा मजबूती से उठाया जाएगा। केंद्र और राज्य स्तर पर सकारात्मक समाधान निकालने की हरसंभव कोशिश होगी। सीएम के आश्वासन के बाद फेडरेशन पदाधिकारियों ने आभार जताया।

Exit mobile version