DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़वासियों की वापसी के लिए सरकार सक्रिय:हेल्पलाइन नंबर- फंसे लोग 1070 और +91-771-2223471 पर कर सकते हैं संपर्क

जशपुर, एजेंसी। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण बिगड़े हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि राज्य सरकार नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के लोगों की सुरक्षित वापसी और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तत्पर है।

जशपुर के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने नेपाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार अपने नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है। नेपाल में फंसे लोगों और उनके परिजनों को जरूरी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय किया जा रहा है।

इन नंबरों पर करें संपर्क

नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिक या उनके परिजन आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 और दूरभाष नंबर +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं। इन नंबरों के जरिए फंसे लोगों की जानकारी साझा करने और आवश्यक मदद मांगने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

सुरक्षित वापसी सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और नेपाल में जारी हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिस्थितियों के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे और फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

राज्य सरकार ने नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों से अपील की है कि किसी भी तरह की आवश्यकता होने पर जारी हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें।

Exit mobile version