DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चोरों को पकड़ने शक्कर की बोरी में लगाया GPS:5 आरोपी गिरफ्तार, सरकारी-दुकानों को बनाते थे निशाना, 2 कार समेत 38.60 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़, एजेंसी। रायगढ़ में सरकारी राशन दुकानों से चावल और शक्कर की बोरियां चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस की सलाह पर शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर लगाया गया था। 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात कोटमर्रा की राशन दुकान में चोरी के बाद आरोपी ट्रैकर लगी बोरी भी ले गए।

GPS के संकेतों के आधार पर पुलिस पत्थलगांव पहुंची और 4 आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 115 बोरी चावल, 2 बोरी शक्कर, एक क्रेटा और एक इनोवा कार समेत कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।

आरोपियों ने पुसौर क्षेत्र में तीन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई है। पुलिस को गिरोह के दूसरे समूहों से जुड़े होने का भी संदेह है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने खरीददार समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

GPS के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 गाड़ी जब्त किया है।

कई गांवों की राशन दुकानों को बनाया निशाना

दरअसल, पुसौर थाना क्षेत्र में इस साल अलग-अलग गांवों की सरकारी राशन दुकानों में चोरी की कई घटनाएं हुईं। चोर दुकानों से चावल और शक्कर की बोरियां चुराकर ले जाते थे।

औरदा गांव में 15 बोरी चावल और 10 बोरी शक्कर, तड़ोला में 40 बोरी चावल और कवाहरिहा में 55 बोरी चावल और 8 बोरी शक्कर चोरी हुई। चिखली में 20 बोरी चावल, बासनपाली में 44 बोरी चावल और 6 बोरी शक्कर, जबकि बोंडा में 42 बोरी चावल और 14 बोरी शक्कर चोरी हुई। वहीं, खोखरा में 30 बोरी चावल चोरी हुए।

कोटमर्रा में चोरी की दो घटनाएं हुईं। पहली घटना में 40 बोरी चावल और 9 बोरी शक्कर, जबकि दूसरी घटना में 32 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर चोरी हुई। कोडोली में 55 बोरी चावल और 3 बोरी शक्कर, घुटकुपाली में 40 बोरी चावल और 6 बोरी शक्कर चोरी हुई। इसके अलावा नवापारा में 28 बोरी चावल और 4 बोरी शक्कर, जबकि तिलगी में 22 बोरी चावल और 4 बोरी शक्कर चोरी हुई।

आरोपी सरकारी राशन दुकान को निशाना बनाते थे।

आरोपी सरकारी राशन दुकान को निशाना बनाते थे।

लगातार चोरी से परेशान संचालकों ने की शिकायत

24 जुलाई को ग्राम पंचायत भवन कोंडपाली और 15 सितंबर को ग्राम नवापारा की सरकारी उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

लगातार हो रही चोरियों से परेशान राशन दुकान संचालकों ने एसएसपी शशि मोहन सिंह और थाना प्रभारी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनाओं का विश्लेषण किया।

एक ही तरीके से चोरी कर रहा था गिरोह

जांच में पता चला कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से गांवों में पहुंचते थे। रात के समय राशन दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर की बोरियां चोरी करते और तुरंत फरार हो जाते थे।

अलग-अलग गांवों में चोरी का तरीका लगभग एक जैसा होने के कारण पुलिस को संगठित गिरोह के शामिल होने का संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने क्षेत्र के राशन दुकान संचालकों की बैठक ली। इसमें दुकानों में CCTV कैमरे लगाने के साथ GPS ट्रैकर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।

शक्कर की बोरी में लगाया GPS ट्रैकर

पुलिस की सलाह पर कुछ राशन दुकान संचालकों ने ऑनलाइन GPS ट्रैकर मंगवाए। एक संचालक ने शक्कर की बोरी में ट्रैकर छिपाकर रख दिया।

25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोटमर्रा की सरकारी राशन दुकान में चोरी हुई। आरोपी दूसरी बोरियों के साथ GPS ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी भी उठा ले गए। उन्हें बोरी में ट्रैकर लगे होने की जानकारी नहीं थी।

सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

GPS के संकेतों के आधार पर पत्थलगांव पहुंची पुलिस

चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। GPS ट्रैकर के संकेतों से आरोपियों के रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर जाने की जानकारी मिली।

इसके बाद घरघोड़ा और रैरूमाखुर्द पुलिस की टीम भी कार्रवाई में शामिल हुई। संयुक्त टीम ट्रैकर के संकेतों का पीछा करते हुए पत्थलगांव पहुंची। वहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर (52) के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली।

4 आरोपियों के साथ सामान खरीदने वाला भी गिरफ्तार

पूछताछ में सेवाल कुजूर ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद हफीज (26), निवासी शांतिनगर तिलडेगा; समीर आलम (26), निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज; डमरूधर खूंटे (36) और संतोष कुमार माहेश्वरी (33), दोनों निवासी गोढ़ीकेला, पत्थलगांव, चोरी का सामान बेचने के इरादे से उसके पास छोड़कर गए थे।

इसके बाद पुलिस ने पत्थलगांव और आसपास के क्षेत्रों में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सेवाल कुजूर को भी गिरफ्तार किया गया।

क्रेटा और इनोवा कार में मिलीं चावल की बोरियां

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक क्रेटा और एक इनोवा कार बरामद की। दोनों गाड़ियों में चावल की बोरियां भरी हुई थीं। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पहले भी चोरी का सामान सेवाल कुजूर को बेचने की जानकारी दी है।

आरोपियों ने पुसौर थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी बताई है। मामले में चोरी की संपत्ति खरीदने और संगठित होकर अपराध करने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 317(4), 111 और 3(5) भी जोड़ी गई हैं।

38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त

पुलिस ने अब तक 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की हैं। इनकी अनुमानित कीमत 3 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। चोरी में इस्तेमाल की गई क्रेटा और इनोवा कार की कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी गई है।

इस तरह पुलिस ने कुल 38.60 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के तार पत्थलगांव से सीतापुर तक सक्रिय दूसरे समूहों से भी जुड़े हो सकते हैं। इस संबंध में आगे जांच की जा रही है।

SSP बोले- चोरी करने वाले गिरोहों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने सूझबूझ से सरकारी राशन दुकानों में हो रही चोरियों का खुलासा किया है। संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी के साथ अपराध में सहयोग करने वालों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version