दुर्ग-भिलाई,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित हरिओम इन्गोट्स एंड पावर लिमिटेड पर जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की है। सोमवार शाम करीब 4.30 बजे दो वाहनों में जीएसटी अधिकारी कंपनी परिसर पहुंचे। फिलहाल, सात जीएसटी अधिकारी कंपनी के दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं।
जीएसटी विभाग की टीम कंपनी के बिल, जीएसटी रिटर्न, इनवॉइस समेत अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारी टैक्स भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट और संभावित अनियमितताओं से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।
कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि जीएसटी की टीम फिलहाल कंपनी परिसर के अंदर मौजूद है। जांच के बावजूद कंपनी का दैनिक कामकाज सामान्य रूप से चलता रहा।
ओनर राज्य से बाहर, स्टाफ कर रहा सहयोग
जानकारी के मुताबिक, कंपनी के ओनर इस समय राज्य से बाहर हैं। उनकी अनुपस्थिति में कंपनी का स्टाफ और जिम्मेदार अधिकारी जांच टीम को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा रहे हैं और पूछताछ में सहयोग कर रहे हैं।
मंगलवार को भी जारी रह सकती है कार्रवाई
जीएसटी विभाग की ओर से जांच को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रह सकती है।

