शिक्षक भविष्य के शिल्पकार – लायन अग्रवाल
कोरबा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल द्वारा नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा मड़वारानी मे शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर गुरूजन सम्मान समारोह का आयोजन एमजेएफ लायन पवन अग्रवाल जोन चेयरमेन के मुख्य आतिथ्य में एवं क्लब अध्यक्ष लायन सुरेन्द्र कुमार डनसेना की अध्यक्षता में संपन्न किया गया।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथि द्वारा मॉ सरस्वती जी एवं डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीपप्रज्जवलित किया गया। तत्पश्चात् विद्यालय के प्राचार्य बी.आर. रात्रे जी के द्वारा स्वागत उद्बोधन मे अतिथि एवं लायन सदस्यो का स्वागत करते हुये विद्यालय की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद छात्र-छात्राओ द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भाषणों एवं गीत की प्रस्तुति दी गई। जिसकी सभी ने बहुत प्रशंसा की।
अपने उद्बोधन में क्लब अध्यक्ष लायन सुरेन्द्र कुमार डनसेना ने सभी शिक्षको को शिक्षक दिवस की बधाईयॉ प्रेषित करते हुये कहा कि यह दिन हमें यह याद दिलाता है कि हमारे जीवन में गुरू का स्थान बहुत ऊॅचा है। शिक्षक हमें सदैव आत्मविश्वास दिलाते है औंर सफलता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देते है। इसलिए हमें सदैव अपने शिक्षको का सम्मान करना चाहिए। साथ ही विद्यालय के चेयरमेन पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल जी द्वारा शिक्षको को शुभकामनाएॅं दी।
उद्बोधन की कड़ी में मुख्य अतिथि एमजेएफ लायन पवन अग्रवाल जोन चेयरमेन जी ने कहा कि शिक्षक भविष्य के शिल्पकार होते है। शिक्षक बिना किसी भेदभाव के सभी छात्रो को समभाव रखते हुये शिक्षा प्रदान करते हैं। उद्बोधन पश्चात् अतिथि एवं लायन सदस्यो द्वारा शिक्षको को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किया गया।
उक्त समारोह में क्लब सचिव लायन दर्शन अग्रवाल, क्लब कोषाध्यक्ष लायन सुभाष चंद अनंत, लायन मनोज गुप्ता, लायन नूतन राजवाड़े, लायन संदीप कंवर, उप प्राचार्या श्रीमती मनोरमा शर्मा सहित समस्त शिक्षक एवं छात्रगण उपस्थित थे।

