वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिकी वायुसेना के क्लाउड कंप्यूटिंग सिस्टम क्लाउड वन को हैकर्स ने निशाना बनाया है। इस सिस्टम में एयर डिफेंस रडार, सैन्य विमानों, मिसाइलों, जवानों के रिकॉर्ड और सैन्य साजो-सामान से जुड़ी अहम जानकारियां मौजूद हैं।
इससे हैकर्स को एयर डिफेंस सिस्टम की खामियों का पता भी लग सकता था। रॉयटर्स के मुताबिक, करीब एक महीने पहले सिस्टम हैकिंग का पता चला था। इसके बाद से क्लाउड वन के कई काम प्रभावित हैं।
अमेरिकी सेना की साइबर कमांड जांच कर रही है। वह पता लगा रही है कि हैकर्स सिस्टम से क्या-क्या जानकारी हासिल की। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि हैकर्स कौन हैं और क्या उन्होंने कोई डेटा चुराया है।

तस्वीर अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की है। यहां तीनों सेनाओं के ऑफिस और उनसे जुड़े अधिकारियों के ऑफिस भी हैं।
माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और गूगल की तकनीक से बना है सिस्टम
क्लाउड वन की शुरुआत 2017 में हुई थी। इसे अमेरिकी वायुसेना के अलग-अलग आईटी सिस्टम को एक जगह लाने के लिए बनाया गया था। इसमें माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, ओरेकल और गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट की क्लाउड सेवाओं का इस्तेमाल होता है।
इस सिस्टम पर जवानों का रिकॉर्ड, उनकी सैलरी, सैन्य सामान और विमानों की मरम्मत से जुड़ी जानकारियां रखी जाती हैं।
हैकिंग के बाद कई काम रोकने पड़े
सिस्टम में सेंध का पता चलने के बाद अमेरिकी वायुसेना ने कई काम रोक दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, पुराने सैन्य एप्लिकेशन को क्लाउड वन पर शिफ्ट करने का काम फिलहाल रोक दिया गया है।
इसके अलावा, इस सिस्टम पर पहले से चल रहे एप्लिकेशन को अपडेट करने पर भी रोक लगा दी गई है।
इसका मतलब है कि कर्मचारी सॉफ्टवेयर में सामने आई नई सुरक्षा खामियों को ठीक करने वाले अपडेट भी फिलहाल नहीं लगा पा रहे हैं। कुछ यूजर्स के एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार भी वापस ले लिए गए हैं।
सिस्टम के कंट्रोल सेंटर तक पहुंचे हैकर्स
मामले से जुड़े एक सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि, हैकर्स ने सॉफ्टवेयर की एक कमजोरी का फायदा उठाकर सिस्टम के कंट्रोल प्लेन तक पहुंच बनाई। इसे पूरे क्लाउड सिस्टम का कंट्रोल सेंटर समझ सकते हैं।
इस तक पहुंच मिलने पर हैकर्स सैन्य विमानों की स्थिति और उनके लिए जरूरी स्पेयर पार्ट्स कहां भेजे जा रहे हैं, जैसी जानकारियां देख सकते थे।
हालांकि, अभी यह पता नहीं चला है कि हैकर्स ने वास्तव में इन जानकारियों को देखा या उनका इस्तेमाल किया। यह भी साफ नहीं है कि उन्होंने सिस्टम की किस कमजोरी का फायदा उठाया।
वायुसेना ने हैकिंग पर साफ जवाब नहीं दिया
अमेरिकी वायुसेना ने रॉयटर्स से कहा कि वह अपने किसी खास नेटवर्क या सिस्टम की सुरक्षा और उसमें मौजूद कमजोरियों के बारे में जानकारी नहीं देती। हालांकि, विभाग ने इतना जरूर कहा कि वह अपने डेटा, सिस्टम और सैन्य ताकत को सुरक्षित रखने के लिए लगातार कदम उठा रहा है।
यह मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि क्लाउड वन को अमेरिकी सेना के सबसे बड़े क्लाउड सिस्टम में गिना जाता है। इसके अधिकारियों ने 2023 में दावा किया था कि इस सिस्टम पर हैकिंग की बहुत सी कोशिशें हुईं, लेकिन सभी को नाकाम कर दिया गया। उनका कहना था कि सुरक्षा के मामले में जरा-सी चूक की भी गुंजाइश नहीं है।
अमेरिकी सरकारी विभाग भी साइबर हमलों के निशाने पर
क्लाउड वन में सेंध की खबर ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के कई सरकारी विभाग साइबर हमलों से जूझ रहे हैं। हाल के दिनों में FBI के दो सिस्टम, पेंटागन का डेटा, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के कर्मचारियों की जानकारी, दो खुफिया एजेंसियों और ट्रेजरी विभाग के सिस्टम में भी सेंध लगने की खबरें सामने आई हैं।
