DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

अधेड़ नाले में बहा, 48 घंटे बाद शव मिला:कोरबा में मछली पकड़ने गया था ग्रामीण,SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच नाले में बह गए एक ग्रामीण का शव 48 घंटे बाद बरामद किया गया। डिंडोलभाठा गांव निवासी बंधु लोहार मछली पकड़ने के दौरान तेज बहाव में बह गए थे। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने कई घंटे की तलाश के बाद उनका शव बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी बंधु लोहार (52) सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

तेज बहाव से प्रभावित हुआ रेस्क्यू

मंगलवार सुबह परिजनों ने कटघोरा पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नाले में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। मंगलवार को पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण अभियान रोकना पड़ा।

48 घंटे बाद मिला शव

बुधवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस ने दोबारा तलाश शुरू की। कई घंटे की मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन ने जारी की अपील

थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और डूबान क्षेत्रों के पास जाने से बचें तथा बच्चों को भी अकेले पानी के आसपास न जाने दें।

तटीय गांवों को किया गया अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों के गांवों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version