DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

SECL प्रबंधन के आश्वासन पर हरदीबाजार भू-विस्थापितों ने टाला 5 अक्टूबर का घेराव, 16 अक्टूबर को होगा CMD कार्यालय का उग्र एवं अनिश्चितकालीन तालाबंदी आंदोलन

प्रबंधन ने सकारात्मक पहल करते हुए मांगा अतिरिक्त समय

क्षेत्रीय विधायक के नेतृत्व में 16 अक्टूबर को होगा विशाल प्रदर्शन

मांगे पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की दी गई कड़ी चेतावनी

कोरबा/हरदीबाजार। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड SECL द्वारा अधिग्रहित ग्राम हरदीबाजार के भू-विस्थापितों एवं प्रभावित ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन के संदर्भ में ग्राम पंचायत हरदीबाजार द्वारा बड़ा निर्णय लिया गया है। एसईसीएल प्रबंधन के लिखित अनुरोध और सकारात्मक रुख का सम्मान करते हुए 05 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर स्थित सीएमडी (CMD) कार्यालय के प्रस्तावित घेराव व तालाबंदी आंदोलन को 15 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है, अब यह आंदोलन संशोधित तिथि 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा ।

प्रबंधन के पत्र और वार्ता का असर

गौरतलब है कि भू-विस्थापितों की जायज मांगों उचित मुआवजा रोजगार पुनर्वास एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं को लेकर ग्राम पंचायत हरदीबाजार द्वारा 28 सितंबर 2026 को आंदोलन की पूर्व सूचना दी गई थी, इसके जवाब में SECL दीपका क्षेत्र के क्षेत्रीय महाप्रबंधक कार्यालय पत्र क्र. 213 दिनांक 02/10/2026 द्वारा अवगत कराया गया कि उच्चाधिकारियों के साथ हुई चर्चा में नियमानुकूल मांगों पर आंशिक सहमति बन चुकी है, अंतिम निर्णय एवं पूर्ण सहमति हेतु प्रबंधन ने कुछ अतिरिक्त समय दिए जाने का अनुरोध किया था ।

10 दिनों की मोहलत, वरना अनिश्चितकालीन तालाबंदी

ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि प्रबंधन को मांगों के त्वरित व न्यायपूर्ण समाधान के लिए 10 दिनों की समयावधि 15/10/2026 तक का अतिरिक्त अवसर प्रदान किया जा रहा है l

यदि इस दी गई समयावधि में प्रबंधन द्वारा भू-विस्थापितों की समस्त लंबित मांगों पर कोई ठोस लिखित एवं संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो 16 अक्टूबर 2026 को कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में समस्त भू-विस्थापित एवं ग्रामीण बिलासपुर स्थित सीएमडी कार्यालय के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन उग्र एवं शांतिपूर्ण आंदोलन/तालाबंदी करेंगे। इस स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी एसईसीएल (SECL) प्रबंधन की होगी l

Exit mobile version