नई दिल्ली, एजेंसी। प्राइवेट सेक्टर के बड़े बैंक HDFC Bank ने अपने ग्राहकों को झटका देते हुए कर्ज की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। बैंक ने मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट (MCLR) में 5 से 15 बेसिस पॉइंट तक का इजाफा किया है। नई दरें 7 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। इस बदलाव के बाद उन ग्राहकों के लिए होम लोन, पर्सनल लोन और ऑटो लोन महंगे हो सकते हैं, जिनकी ब्याज दरें MCLR से जुड़ी हुई हैं।
लंबी अवधि के लोन पर ज्यादा बढ़ोतरी
HDFC Bank ने अपनी सभी सात अवधि की MCLR दरों में संशोधन किया है। इसके बाद बैंक की MCLR दरें 7.85 फीसदी से 8.70 फीसदी के दायरे में पहुंच गई हैं। इससे पहले यह सीमा 7.75 फीसदी से 8.55 फीसदी थी।
बैंक ने छह महीने, एक साल, दो साल और तीन साल की अवधि वाले MCLR में 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की है। वहीं, अन्य अवधि की दरों में 5 से 10 बेसिस पॉइंट तक इजाफा किया गया है। गौरतलब है कि 1 बेसिस पॉइंट 0.01 फीसदी के बराबर होता है। इस तरह 15 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी का मतलब ब्याज दर में 0.15 फीसदी का इजाफा है।
किन ग्राहकों पर पड़ेगा असर?
MCLR बढ़ने का सीधा असर उन ग्राहकों पर पड़ सकता है, जिन्होंने बैंक से MCLR आधारित फ्लोटिंग रेट पर होम लोन, पर्सनल लोन या ऑटो लोन लिया है। हालांकि, सभी ग्राहकों की EMI तुरंत बढ़ना जरूरी नहीं है।

ब्याज दर में बदलाव ग्राहक के लोन एग्रीमेंट, लागू स्प्रेड और ब्याज दर रीसेट होने की तारीख पर निर्भर करेगा। जिन ग्राहकों का लोन किसी दूसरे बेंचमार्क, जैसे रेपो रेट से जुड़ा है, उन पर इस बदलाव का सीधा असर नहीं पड़ेगा।
छह महीने वाले MCLR से जुड़े ग्राहकों की बढ़ सकती है EMI
उदाहरण के लिए, अगर किसी ग्राहक का होम लोन छह महीने के MCLR से लिंक्ड है, तो अगली रीसेट तारीख पर नई ब्याज दर लागू हो सकती है। छह महीने के MCLR में 0.15 फीसदी की बढ़ोतरी के कारण ग्राहक की ब्याज दर भी इतनी बढ़ सकती है।
इसके बाद बैंक ग्राहक की मासिक किस्त (EMI) बढ़ा सकता है या लोन चुकाने की अवधि में इजाफा कर सकता है। यह पूरी तरह लोन की शर्तों पर निर्भर करेगा।
इस बदलाव के बाद HDFC Bank के MCLR आधारित लोन लेने वाले ग्राहकों को अपनी ब्याज दर और अगली रीसेट तारीख की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए।
