जगदलपुर,एजेंसी। बस्तर जिले के भानपुरी सिविल अस्पताल में शुक्रवार को हेल्थ एटीएम सेवा की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। इस मशीन के जरिए मरीज अब ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी और ऑक्सीजन लेवल समेत 100 से ज्यादा तरह की जांच अस्पताल में ही करवा सकेंगे। कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सुविधा के साथ-साथ नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों और पुलियों के निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई। मंत्री ने करीब 36.50 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

100 से ज्यादा जांच, डॉक्टर से वीडियो कॉल पर सलाह
ग्रामीणों को भानपुरी सिविल अस्पताल में शुरू किए गए हेल्थ एटीएम के जरिए कई जांचों के लिए अब शहर नहीं जाना पड़ेगा। मशीन से ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी और ऑक्सीजन लेवल सहित 100 से अधिक जांच की सुविधा मिलेगी।
इसमें टेलीमेडिसिन की सुविधा भी है, जिससे मरीज सीधे विशेषज्ञ डॉक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सलाह ले सकेंगे। मशीन महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान में भी मदद करेगी।
सड़कों और पुलियों के काम भी शुरू
कार्यक्रम के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्र में कई निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। ग्राम राजपुर और खड़का में विभिन्न कार्यों की शुरुआत की गई।
सालेमेटा और राजपुर सरगीगुड़ा में नई सीसी सड़क बनाई जाएगी। वहीं तिरथा, सुधापाल और खड़का में नई पुलियों का निर्माण होगा, जिससे बारिश के समय आवागमन आसान रहेगा।
सामुदायिक भवन भी बनेगा
घोटिया दुलारदई गुड़ी में एक सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिलेगी।
