DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

प्रेरणा महिला समिति के द्वारा वृद्धा आश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया आयोजित

  • भोजन व आवश्यक सामग्री का भी किया वितरण
    कोरबा। कोरबा जिलान्तर्गत समाजसेवा और मानवीय सहयोग के क्षेत्र में प्रेरणा महिला समिति सीईडब्लूएस-गेवरा लगातार उल्लेखनीय योगदान दे रही है।
    इसी कड़ी में समिति ने सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर्वमंगला मंदिर स्थित वृद्धा आश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण सेवा कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम श्रद्धा महिला मंडल, बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन की विशेष निगरानी में तथा प्रेरणा महिला समिति सीईडब्लूएस-गेवरा की अध्यक्षा श्रीमती निशा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
    आयोजन का मुख्य उद्देश्य आश्रम में निवासरत वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच एवं उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करना था। इस सेवा कार्य के लिए एन.सी.एच. गेवरा की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुमोना अपनी चिकित्सा टीम के साथ उपस्थित रहीं। टीम ने कुल 26 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें बीपी, शुगर, कमजोरी, जोड़-दर्द तथा अन्य आयु-संबंधी समस्याओं की जांच शामिल थी। चिकित्सको ने जांच उपरांत आवश्यक दवाइयाँ भी प्रदान कीं तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सलाह दी।
    उक्त कार्यक्रम के दौरान समिति की सदस्याओं ने वृद्धजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की और उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन करवाया। इसके साथ ही सभी वृद्धजनों को च्यवनप्राश, शक्कर, चायपत्ती और बिस्किट भी वितरित किए गए। समिति का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को न केवल स्वास्थ्य लाभ मिले, बल्कि उन्हें जीवनयापन में उपयोगी वस्तुएँ भी प्राप्त हों। वृद्धजनों ने इस सहयोग और स्नेह के लिए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
    इस अवसर पर समिति की अध्यक्षा श्रीमती निशा शर्मा के साथ प्रेरणा महिला समिति की सक्रिय सदस्याएं श्रीमती माला सिंह (सचिव), श्रीमती अंजना पाराशर, श्रीमती संगीता सराफ एवं श्रीमती रीना बढ़ई उपस्थित रहीं। सभी सदस्याओं ने पूरे समर्पण भाव से कार्यक्रम में भाग लिया और वृद्धजनों को सहयोग प्रदान किया। समिति के सदस्यों ने कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना सभी का दायित्व है।
    उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन से वृद्धा आश्रम में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। समिति की इस पहल ने सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रेरणा महिला समिति ने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

Exit mobile version