कहा-अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बनाएगा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल
सरगुजा,एजेंसी। सरगुजा प्रवास पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार में रीएजेंट खरीद में करीब 600 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ, जिसकी वजह से हमर लैब और अन्य अस्पतालों में जांच सुविधाएं प्रभावित हुईं। रीएजेंट खरीदी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही सभी प्रकार की जांच सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
मंत्री ने कहा कि अंबिकापुर को मेडिकल हब बनाया जाएगा। यहां 300 बेड के सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के लिए एमओयू किया गया है।
कांग्रेस शासनकाल में स्थापित प्रदेश के सभी हमर लैबों में रीएजेंट की कमी के कारण करीब 100 प्रकार की जांच सुविधाएं ठप हैं। इसके अलावा, कई हॉस्पिटलों में भी कई जांच नहीं हो पा रही है।
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल प्रबंधन कई प्रकार के जांच निजी लैबों से करवा रहा है, जिसके लिए हर माह लाखों रुपये का भुगतान निजी लैबों को किया जा रहा है। कई जांचें मरीजों को निजी लैबों में करानी पड़ रही हैं, जिसके लिए उन्हें भारी-भरकम राशि भी देनी पड़ रही है।

रीएजेंट की कमी से जांच सेवाएं हो रही प्रभावित
मंत्री बोले-जल्द शुरू हो जाएंगी जांच सेवाएं
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेडिकल टेस्ट रीएजेंट की कमी से प्रभावित हुए थे। रीएजेंट खरीदी का टेंडर हो चुका है। पिछली सरकार में रीएजेंट खरीदी में 600 करोड़ का बड़ा भ्रष्टाचार हुआ था। उसकी जांच EOW और ED से कराई गई है।
मंत्री ने कहा कि चूंकि मशीन उन्हीं कंपनियों की है, जो रीएजेंट सप्लाई करते हैं। सभी समस्याओं को साल्व करने में थोड़ा समय लग गया। अब सभी 125 टेस्ट जल्द शुरू हो जाएंगे।
नए सिस्टम से रेडियोलॉजी-पैथोलॉजी की जांच में नहीं होगी परेशानी
मंत्री जायसवाल ने कहा कि जल्द ही हम नया सिस्टम ला रहे हैं। आने वाले समय में रेडियोलॉजी और पैथोलॉजी की जांच में दिक्कत नहीं आएगी।
मंत्री ने कहा कि यह भारत सरकार का बड़ा उपहार है कि अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें बढ़कर 150 हो गई हैं। हर साल 50 डॉक्टर बढ़कर मिलेंगे। पीजी सीटें भी बढ़ी हैं। अधूरा मेडिकल कॉलेज के भवन निर्माण को पूरा करने के लिए भी PWD ने टेंडर जारी कर दिया है।
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन बनाएगा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से एमओयू किया गया है। फाउंडेशन 300 बेड का सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल अंबिकापुर में बनाएगा। इससे अंबिकापुर में स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ेंगी। मंत्री से चर्चा के दौरान महापौर मंजूषा भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, अनिल सिंह मेजर सहित अन्य भाजपा नेता भी उपस्थित थे।
