रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ से अगले दो से तीन दिनों में मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि, मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक जैसी मानसूनी एक्टिविटी जारी रहेंगी। वहीं बिलासपुर में शनिवार दोपहर के वक्त मौसम बदला और तेज बारिश हुई।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा दुर्ग जिले के भिलाई में 58.6 मिमी हुई है। वहीं, अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया है।
तस्वीर रायपुर की जहां शुक्रवार को कुछ हिस्सों में बारिश हुई थी।
अक्टूबर में अब-तक 109% ज्यादा बरसा पानी
इस बार अक्टूबर माह में अब तक सामान्य से 109% अधिक बारिश दर्ज की गई है। आमतौर पर 8 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 28.3 मिमी वर्षा होती है और मानसून लौट चुका होता है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से ज्यादा बारिश हो चुकी है।
10 दिन देरी से लौटेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक हुई बारिश को मानसून की बारिश माना जाता है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ यानी मानसून के बाद की बारिश माना जाता है।
फिलहाल देश के कई हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ में आमतौर पर 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा की तरफ से मानसून लौटना शुरू होता है, लेकिन इस बार वापसी में देरी हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस बार प्रदेश में मानसून करीब 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा, यानी सामान्य से करीब 10 दिन देरी से।
बलरामपुर में सामान्य से 52% ज्यादा बरसा पानी
प्रदेश में अब तक 1167.4 मिमी औसत बारिश हुई है। बेमेतरा जिले में अब तक 524.5 मिमी पानी बरसा है, जो सामान्य से 50% कम है। अन्य जिलों जैसे बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़ में वर्षा सामान्य के आसपास हुई है। जबकि बलरामपुर में 1520.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 52% ज्यादा है। ये आंकड़े 30 सितंबर तक के हैं।
