रांची , एजेंसी। JMM लीडर हेमंत सोरेन चौथी बार झारखंड के सीएम बन गए। उन्हें गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में गवर्नर संतोष गंगवार ने शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। समारोह में INDIA की 10 पार्टियों के 18 बड़े नेता शामिल हुए। इनमें राहुल गांधी, प. बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आरजेडी के तेजस्वी यादव मौजूद रहे।
हेमंत पिता शिबू सोरेन को हाथ पकड़कर मंच तक ले गए
दोपहर 3 बजे हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन को हाथ पकड़कर समारोह स्थल ले गए। शपथ से पहले हेमंत ने कहा, ‘आज का दिन ऐतिहासिक होगा। हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। हम झारखंडी हैं और झारखंडी झुकते नहीं हैं।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिदो- कान्हू उद्यान में अमर वीर शहीद सिदो- कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। वहीं, बोकारो के चंदनकियारी के अग्निवीर जवान अर्जुन महतो के शहीद होने पर उनके भाई बलराम महतो को नियुक्ति पत्र दिया।
9 दिसंबर से विधानसभा का विशेष सत्र
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली कैबिनेट की बैठक की। इसमें झारखंड विधानसभा का सत्र 9 दिसंबर से शुरू करने की मंजूरी दी गई। जानकारी के अनुसार, विशेष सत्र 12 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विश्वास मत हासिल करेंगे। इसके अतिरिक्त दिसंबर से हर हाल में मंईयां सम्मान योजना की राशि ₹2500 देने का फैसला लेते हुए अधिकारियों को इसे सुनिश्चित करने को कहा है।
वहीं, प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी बनाए गए हैं। साथ ही साथ असम के चाय बागानों में कार्यरत झारखंडी लोगों की सुविधाओं के लिए एक विशेष सर्वदलीय समिति बनेगी। इसकी रिपोर्ट झारखंड सरकार को सौंप गई है। रोजगार के तहत जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा का वार्षिक कैलेंडर जारी करने को कहा गया है।
23 नवंबर को आए चुनावी नतीजे में JMM लीड INDIA ब्लॉक ने 81 में से 56 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसमें JMM 34, कांग्रेस 16, राजद 4 और माले की दो सीट है।

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में INDIA ब्लॉक के नेता मौजूद रहे।
बता दें कि कांग्रेस के भीतर मंत्री पद को लेकर रस्साकशी चल रही है। इस कारण मंत्रिमंडल का विस्तार टाल दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने भास्कर को बताया कि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में होगा।
