DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

65 हाथियों के दल ने बनखेता में मकान तोड़ा:परिवार जान बचाकर भागा, धान की फसल रौंदी, 52 हाथी कटघोरा और 13 करतला रेंज में

कोरबा। कोरबा के पसान क्षेत्र के बनखेता गांव में बीती रात 65 हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखा धान-चावल खा गए। इसके बाद खेतों में पहुंचकर कई एकड़ में लगी धान की फसल को रौंद दिया।

हाथियों के डर से एक परिवार को घर छोड़कर भागना पड़ा। जिले में इस समय कुल 65 हाथी घूम रहे हैं। पिछले एक महीने में हाथियों ने 33 एकड़ धान की फसल बर्बाद की है और 250 से ज्यादा मकानों को नुकसान पहुंचाया है। किसानों ने वन विभाग से फसल और मकान के नुकसान का मुआवजा मांगा है।

65 हाथियों ने गांव में मचाया उत्पात

ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच 65 हाथियों का दल चिंघाड़ते हुए गांव में घुस आया। हाथियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। एक परिवार ने हाथियों को अपने घर की ओर आते देखा तो जान बचाने के लिए घर छोड़कर भाग गया।

हाथियों ने परिवार के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी। घर के अंदर रखा धान और चावल खा गए। साथ ही बर्तनों को पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। इसके बाद हाथियों का दल खेतों की ओर बढ़ गया।

खेतों में धान की फसल में बालियां आ चुकी हैं। हाथियों ने कई एकड़ में लगी फसल को पैरों से रौंद दिया और कुछ फसल खा भी गए।

जिले में 65 हाथियों का दल सक्रिय

कटघोरा वनमंडल में इस समय 52 हाथियों का दल घूम रहा है। मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद यह दल पसान सर्किल के तराईनार जंगल में डेरा जमाए हुए है। रात होते ही हाथियों का दल दो-तीन टुकड़ों में बंट जाता है और भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता जैसे गांवों में पहुंच रहा है।

वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 13 हाथी घूम रहे हैं। इस तरह जिले में कुल 65 हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग अलर्ट पर है।

एक महीने में 33 एकड़ फसल और 250 मकानों को नुकसान

वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले एक महीने में दोनों वनमंडलों में हाथियों ने करीब 33 एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद की है। इसके अलावा 250 से ज्यादा मकानों को भी नुकसान पहुंचाया है।

वन विभाग की टीम कर रही निगरानी

पसान वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि हाथियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीम 24 घंटे गश्त कर रही है। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि रात में जंगल की ओर न जाएं, खेतों में न सोएं और हाथियों को भगाने या उनके करीब जाने की कोशिश न करें।

Exit mobile version