कोरबा। कोरबा जिले के करतला परिक्षेत्र में लगभग 50 हाथियों का झुंड सक्रिय है। इन हाथियों का एक ड्रोन वीडियो सामने आया है, जिसमें वे स्टॉप डेम में स्नान करते, फसल रौंदते और फिर आराम करते दिख रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल पिछले कुछ दिनों से रामपुर और करतला के बीच के जंगलों में डेरा डाले हुए है। वन विभाग इस झुंड की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों का झुंड देर रात खेतों और गांवों की ओर बढ़ रहा है, जिससे फसल और जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है। कई किसान अपनी फसलों की रखवाली के लिए रातभर जागने को मजबूर हैं।

सामने आए ड्रोन वीडियो में हाथियों का झुंड रामपुर और करतला के बीच जंगल में स्थित एक स्टॉप डेम में नहाते हुए दिखाई दे रहा है। स्नान के बाद, वे खेतों में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाते और चिंघाड़ते हुए जंगल में गूंज पैदा करते दिखे। इसके बाद, झुंड आराम करता नजर आया।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और आबादी वाले क्षेत्रों से हाथियों को दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचित करें।
