DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

बिलासपुर में पंजाब के हेरोइन की तस्करी, तस्कर गिरफ्तार:ग्राहक तलाश रहा था आरोपी, 2.50 लाख की हेरोइन और 10,500 कैश बरामद

बिलासपुर, एजेंसी। बिलासपुर में अमृतसर से हेरोइन लाकर बेचने की कोशिश कर रहे 32 साल के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी उसलापुर में ग्राहकों की तलाश कर रहा था। ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसके कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 2.50 लाख रुपए है। साथ ही 10,500 रुपए नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, त्योहारों को देखते हुए संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक युवक हेरोइन बेचने की कोशिश कर रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दीपक वालिया को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपए कैश मिले।

पुड़िया बनाकर बेचने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अमृतसर से हेरोइन खरीदकर बिलासपुर लाया था। यहां छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ज्यादा कीमत पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। आरोपी मूल रूप से सुभाष कॉलोनी, अमृतसर (पंजाब) का निवासी है। वह फिलहाल उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।

तस्करी नेटवर्क की जांच

पुलिस अब हेरोइन की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों और आरोपी के वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। सकरी थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version