बिलासपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और उन पर कथित अवैध निर्माण से जुड़े मामलों में अहम टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे विवादों की सुनवाई और समाधान का अधिकार सिर्फ वक्फ ट्रिब्यूनल के पास है।
हाईकोर्ट ने साफ कहा कि जब वक्फ अधिनियम के तहत विवाद सुलझाने का कानूनी प्रावधान मौजूद है, तो सीधे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करना उचित नहीं है। इस मामले की सुनवाई जस्टिस एके. प्रसाद की सिंगल बेंच में हुई।
याचिकाकर्ता मोहम्मद अजमल खान ने कवर्धा की जामा मस्जिद मुस्लिम ट्रस्ट की वक्फ संपत्ति पर मुतवल्ली (प्रबंधक) की ओर से कथित अवैध निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

CEO के आदेश के भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
याचिका में कहा गया कि वक्फ बोर्ड के सीईओ की ओर से कथित निर्माण रोकने के आदेश जारी किए जाने के बावजूद जिला प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
याचिकाकर्ता ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले ही वक्फ अधिनियम की धारा 83(2) के तहत वक्फ ट्रिब्यूनल में आवेदन पेश किया था, लेकिन ट्रिब्यूनल में कोरम नहीं होने के कारण सुनवाई पेडिंग थी।
राज्य और वक्फ बोर्ड का जवाब- वक्फ अधिनियम के तहत हो सुनवाई
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार और वक्फ बोर्ड ने कोर्ट को बताया कि वक्फ से जुड़े विवादों के समाधान के लिए कानून के तहत वक्फ ट्रिब्यूनल बनाया गया है। ट्रिब्यूनल अब पूरी तरह काम कर रहा है और यह मामला पहले से वहीं चल रहा है।
इसलिए इस मामले में हाईकोर्ट को सीधे दखल नहीं देना चाहिए। हाईकोर्ट ने भी इस बात से सहमति जताई और कहा कि जब मामला पहले से वक्फ ट्रिब्यूनल में विचाराधीन है, तो हाईकोर्ट इसमें सीधे हस्तक्षेप नहीं कर सकता।
ट्रिब्यूनल को 2 महीने में फैसला करने के निर्देश
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याचिकाकर्ता को निर्देश दिया कि वे अपना मामला वक्फ ट्रिब्यूनल के सामने ही रखें। साथ ही कोर्ट ने संबंधित ट्रिब्यूनल को निर्देश दिया कि यदि आवेदन अभी भी लंबित है तो दो महीने के भीतर कानून के अनुसार उसकी सुनवाई कर निर्णय लिया जाए।
मेरिट पर कोई टिप्पणी नहीं
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया कि इस फैसले पर गुण-दोष (मेरिट) पर कोई राय देना नहीं है। सभी तथ्य और कानूनी सवाल ट्रिब्यूनल के समक्ष विचार के लिए खुले रहेंगे।
