धमतरी एजेंसी। धमतरी में तेज रफ्तार हाईवा ने 2 छात्र समेत 3 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 12 साल के दो छात्रों की मौत हो गई, वहीं एक घायल है। हाईवा रेत लेने जा रहा था। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
15 अक्टूबर के बाद धमतरी जिले में रेत के लिए हाईवा की आवाजाही जारी है। मामला केरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलोनी का है। सुबह दो छात्र मॉर्निंग वॉक पर निकले हुए थे, जिन्हें धमतरी से सलोनी की ओर रेत भरने जा रहे हाईवा ने चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद सड़क पर बैठकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद सलोनी गांव में तनाव का माहौल हो गया। जहां ग्रामीण इकट्ठा हो गए और चक्काजाम कर दिया। रोड के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पुलिस मौजूद थी, ग्रामीणों को समझाने की कोशिश कर रही है, लेकिन ग्रामीण उचित कार्रवाई की मांग को लेकर बैठे हुए थे।
मुख्यमंत्री ने धमतरी जिले के सलोनी ग्राम में सडक़ दुर्घटना में दो बच्चों के निधन पर गहरा दु:ख प्रकट किया
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की सहायता राशि देने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी जिले के ग्राम सलोनी में सडक़ दुर्घटना में 2 बच्चों के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दु:खद घटना में मृतकों के परिवारजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
