कोरबा/छुरीकला। यादव समाज के वरिष्ठ सदस्य छुरीकला निवासी हीरालाल यादव को आदर्श यादव सेवा संंस्थान का नया अध्यक्ष सर्वसम्मति से मनोनित किया गया है। गत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर समाज के वरिष्ठों व युवा नेताओं की आवश्यक बैठक ग्राम कसरेंगा में आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक चर्चा हुई और नए अध्यक्ष का मनोनय हुआ। समारोह के दौरान संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था को आगे बढ़ाने हेतु वरिष्ठजनों ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
आदर्श यादव सेवा संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पी एल यादव ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए उनके कार्यकाल व समाजहित में किए गए कार्यों की सराहना की गई। डॉ. पी एल यादव के इस्तीफे के बाद वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने हीरालाल यादव का नाम आगे बढ़ाया, जिसे सर्वमान्य किया गया और हीरालाल यादव को नए अध्यक्ष के रूप में घोषणा की गई।
स्वागत समारोह का होगा आयोजन
जिले में यादव समाज की बहुतायत होने के कारण इसे बड़ा समाज माना जाता है। हीरालाल यादव के नए अध्यक्ष बनने के बाद शीघ्र ही कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी और नई कार्यकारिणी के स्वागत में भव्य समारोह आयोजित करने का निर्णय बैठक में लिया गया। आयोजन की तिथि, समय व स्थान की भी शीघ्र घोषणा की जाएगी।
संस्थान द्वारा हर्षोल्लास मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
नए नेतृत्व मिलने के बाद आदर्श यादव सेवा संस्थान द्वारा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ग्राम कसरेंगा में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, सियानों, युवाओं तथा ग्रामवासियों की सम्मान जनक उपस्थिति रही। सभी ने एकजुट होकर ध्वजारोहण कर देश के वीर सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया।
नव नियुक्त अध्यक्ष हीरालाल यादव ने उपस्थित सभी जनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
हीरालाल यादव बने आदर्श यादव सेवा संस्थान के नए अध्यक्ष
