श्रीमती पूर्णिमा शोभा जगत बनीं अध्यक्ष, दिलहरण कश्यप ने उपाध्यक्ष पद पर दर्ज की जीत

पाली/कोरबा। जनपद पंचायत पाली में आज हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर अपना परचम लहराया।
अध्यक्ष पद पर पूर्णिमा शोभा जगत की विजय
श्रीमती पूर्णिमा शोभा सिंह जगत ने 19 मतों के साथ अपने प्रतिद्वंदी को हराकर जनपद पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। उनके समर्थकों में इस जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
उपाध्यक्ष पद पर दिलहरण कश्यप विजयी
दिलहरण कश्यप ने 20 मतों के साथ उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनकी जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर खुशी का इजहार किया, आतिशबाजी की और मिठाइयाँ बाँटी।
समर्थकों में हर्ष, विकास का संकल्प
इस जीत के बाद नव निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शोभा जगत और उपाध्यक्ष दिलहरण कश्यप ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा के अनुरूप, वे पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देंगे और जनहित में कार्य करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल
भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की इस जीत से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने एकजुट होकर नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाइयाँ दीं और इस ऐतिहासिक जीत को पाली जनपद के विकास का नया अध्याय बताया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
जनपद पंचायत पाली में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा को विजयश्री दिलाने में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी, भाजपा नेता चिंटू राजपाल, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, दुष्यंत शर्मा सहित अन्य नेताओं की भूमिकाएं रही। इस अवसर पर ज्ञान सिंह राजपाल, गडऱाज सिंह, रोशन सिंह ठाकुर, दीपक शर्मा, विक्की अग्रवाल, प्रवीण सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित थे। शासन भाजपा का होने के कारण कई कांग्रेसी सदस्यों ने भी भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन दिया और दोनों पदों पर भाजपा को विजयीश्री मिली। काफी गहमा-गहमी के बीच यहां चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव में भाजपा को विजयश्री मिलने के बाद ढोल-ताशों के साथ विजय रैली भी निकाली गयी।
