दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। छत्तीसगढ़ में नेताओं की सुरक्षा कम करने के फैसले पर गृहमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आमने-सामने आ गए हैं। विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने के बाद अब नेताओं को पहले जैसी सुरक्षा की जरूरत नहीं है। इसलिए सुरक्षा में एक श्रेणी की कटौती की जा रही है। वहीं, भूपेश बघेल ने कहा कि सुरक्षा कम करने में किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। इसके लिए तय नियमों और प्रोटोकॉल का पालन जरूरी है।
दरअसल, दीपावली मिलन कार्यक्रम में गृहमंत्री विजय शर्मा से नेताओं की सुरक्षा कम करने को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म हो चुका है। अब नक्सली कैडर का कोई ऐसा समूह नहीं है, जो एक साथ घूमकर वारदातों को अंजाम दे सके। इसलिए अब पहले जैसी सुरक्षा की जरूरत नहीं है।
विजय शर्मा बोले- सुरक्षा पूरी तरह नहीं हटाई जा रही
गृहमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 से पहले ही यह काम पूरा कर लिया गया था। इसके बाद भी एहतियात के तौर पर 6 महीने तक सुरक्षा में कटौती का फैसला रोककर रखा गया। इस दौरान किसी तरह की परेशानी सामने नहीं आई।
उन्होंने साफ किया कि नेताओं की सुरक्षा पूरी तरह नहीं हटाई जा रही है, बल्कि जिन लोगों को जेड प्लस (Z+) जैसी सुरक्षा मिली हुई है, उनकी सुरक्षा एक श्रेणी कम की जा रही है। जहां सुरक्षा की जरूरत नहीं होगी, वहां इसे हटा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री की पत्नी और मेरी भी सुरक्षा कम हुई
भूपेश बघेल की सुरक्षा कम किए जाने के सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पत्नी की सुरक्षा भी कम की गई है। मेरी सुरक्षा में भी कटौती हुई है। सुरक्षा किसी को भी दी जा सकती है, लेकिन जहां इसकी जरूरत नहीं होगी, वहां इसे हटाया जाएगा।
भूपेश बोले- सुरक्षा कम करने में भेदभाव नहीं होना चाहिए
इधर, भिलाई में दीपावली मिलन कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। भूपेश बघेल ने कहा कि सुरक्षा हटाने में किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी की सुरक्षा कम करने या हटाने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन इसके लिए तय गाइडलाइन और प्रोटोकॉल का पालन होना चाहिए।
भूपेश ने कहा कि सुरक्षा को लेकर फैसला सभी के लिए एक जैसा होना चाहिए। किसी व्यक्ति को देखकर सुरक्षा कम या ज्यादा नहीं की जानी चाहिए। स्कूली बच्चों के नशे पर भी दोनों नेताओं ने दी प्रतिक्रिया
कोरबा में स्कूली बच्चों के नशा करने का वीडियो सामने आने पर विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। एनडीपीएस के मामलों में अभी जितनी कार्रवाई हो रही है, वह ऐतिहासिक है। उन्होंने माना कि नशे की समस्या बढ़ी है और सरकार इस पर काम कर रही है।
वहीं, भूपेश बघेल ने प्रदेश में नशे के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पूरा छत्तीसगढ़ नशे का गढ़ बन गया है।

