DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

घने जंगलों के बीच बसे गिद्धमुड़ी में जगी उम्मीद, अब आसान होगा गांव से शहर तक का सफर

सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति से खुश हैं ग्रामीण, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों को स्कूल भेजने में होगी सहूलियत

जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर हाथी प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सड़क की सुविधा

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले की तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये मंजूर

कोरबा, 29 नवंबर 2026। जिला मुख्यालय कोरबा से लगभग 100 किलोमीटर दूर घने जंगलों के बीच बसे गिद्धमुड़ी गांव के ग्रामीणों के लिए सड़क महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की जिंदगी और बुनियादी जरूरतों से जुड़ी एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी सड़क से बच्चे पढ़ने जाते हैं, किसान अपनी उपज लेकर बाजार पहुंचते हैं और जरूरत पड़ने पर बीमारों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जाता है। हाथियों और अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही वाले इस क्षेत्र में बेहतर सड़क का होना ग्रामीणों के लिए और भी महत्वपूर्ण है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की आवश्यकता महसूस कर रहे यहां के ग्रामीण अब खुश हैं। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने से ग्रामीणों में बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है।

पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के अंतिम छोर पर बसे इन गांवों की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य क्षेत्रों से अलग हैं। चारों ओर जंगल, दूर-दूर तक बसे गांव और आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करना यहां के ग्रामीणों की दिनचर्या का हिस्सा है। गिद्धमुड़ी से कोटखर्री की सड़क ग्रामीणों को पतुरियाडांड होते हुए मदनपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। समय के साथ सड़क के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होने लगी थी। अब सड़क के सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिलने से उनकी वर्षों पुरानी जरूरत पूरी होने की दिशा में कदम बढ़ा है।

जंगल के बीच अच्छी सड़क का होना हमारे लिए बहुत जरूरी है

गिद्धमुड़ी के निवासी गोवर्धन बिंझवार और ग्रामीण महिला पर्वतिया बाई सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति मिलने से प्रसन्न हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू जरूरतों और अन्य कामकाज के सिलसिले में उनका कोटखर्री और आसपास के गांवों में आना-जाना लगा रहता है। वहीं दूसरे गांवों के ग्रामीण भी गिद्धमुड़ी, पतुरियाडांड और मोरगा आते-जाते हैं। सड़क खराब होने से सभी को परेशानी होती थी। अब सड़क की मरम्मत होगी, यह जानकर उन्हें बहुत खुशी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनका गांव जंगलों के बीच बसा है। इस क्षेत्र में हाथियों सहित अन्य वन्यप्राणियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में जंगल के बीच अच्छी सड़क का होना उनके लिए बहुत जरूरी है। बेहतर सड़क होने से ग्रामीण अपने जरूरी कामों के लिए कम समय में गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

बीमारी के समय गांव तक आसानी से पहुंच सकेगी एंबुलेंस

गांव के ही निवासी सुरेश कुमार के लिए सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति एक बड़ी राहत की खबर है। उन्होंने बताया कि जब पहले पक्की सड़क बनी थी, तब ग्रामीणों को आने-जाने में काफी सुविधा होती थी। समय के साथ सड़क खराब होने से परेशानी बढ़ गई। अब मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क की मरम्मत की स्वीकृति मिलने से उन्हें खुशी है। सड़क अच्छी हो जाएगी तो गांव के लोग अपने वाहनों से आसानी से आना-जाना कर सकेंगे। किसी के बीमार पड़ने पर एंबुलेंस को भी गांव तक पहुंचने और मरीज को अस्पताल ले जाने में सहूलियत होगी।
दूरस्थ अंचलों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए अच्छी सड़क का महत्व उनकी इन्हीं छोटी-बड़ी जरूरतों से समझा जा सकता है। शहरों में जहां अस्पताल, बाजार और शिक्षण संस्थानों तक पहुंच अपेक्षाकृत आसान होती है, वहीं जंगलों के बीच बसे गांवों में इन सुविधाओं तक पहुंचने के लिए सड़क की स्थिति बहुत मायने रखती है। ऐसे में सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति ग्रामीण परिवारों के लिए बेहतर और सुविधाजनक जीवन की नई उम्मीद लेकर आई है।

जिले में 18.80 किलोमीटर लंबी तीन ग्रामीण सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कोरबा जिले की पांच वर्ष की अवधि पूरी कर चुकी तीन ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए कुल 5 करोड़ 72 लाख 19 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 18.80 किलोमीटर है।
स्वीकृत कार्यों में करतला विकासखंड की केराकछार से मौहार तक 3.24 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 1 करोड़ 2 लाख 76 हजार रुपये, पिड़िया से बड़मार तक 7.36 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 2 करोड़ 22 लाख 81 हजार रुपये तथा पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड की गिद्धमुड़ी से कोटखर्री तक 8.20 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 2 करोड़ 46 लाख 62 हजार रुपये की राशि शामिल है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता सी.एस. तंवर ने बताया कि स्वीकृत सड़कों का निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इन सड़कों के बेहतर होने से विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय पहुंचने, किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा होगी। हाथी प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं, वन विभाग सहित अन्य विभागों के मैदानी अमले के आवागमन में भी बेहतर सड़क संपर्क सहायक होगा।

दूरस्थ गांवों तक विकास की पहुंच होगी और मजबूत

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने की शासन की यह पहल दूरस्थ वनांचलों में निवासरत ग्रामीणों के लिए विशेष महत्व रखती है। गिद्धमुड़ी जैसे गांवों में सड़क का सुदृढ़ीकरण केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों तक ग्रामीणों की पहुंच को आसान बनाने का माध्यम भी है।
जिला मुख्यालय से लगभग सौ किलोमीटर दूर बसे गिद्धमुड़ी के ग्रामीणों को अब उस दिन का इंतजार है, जब उनके गांव की सड़क फिर से बेहतर होगी। बच्चों का स्कूल तक का सफर आसान होगा, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी और जरूरत के समय बीमारों को अस्पताल ले जाने की चिंता कुछ कम होगी। घने जंगलों के बीच बसे इन गांवों में सड़क सुदृढ़ीकरण की स्वीकृति ने ग्रामीणों के मन में सुविधाजनक भविष्य की नई उम्मीद जगाई है।

Exit mobile version